Sport News

KHELNEWZ EDITORIAL DESK बस्तर से पहली बार किसी खिलाड़ी को मिलेगा राज्य खेल पुरस्कार

छत्तीसगढ़ शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर घोषित राज्य खेल पुरस्कारों में वर्ष 2023-24 के “शहीद कौशल यादव पुरस्कार” के लिए बस्तर संभाग के जिला बीजापुर के सॉफ्टबॉल खिलाड़ी राकेश कड़ती का चयन हुआ है।

यह छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि अविभाजित मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहला अवसर है जब बस्तर संभाग के किसी खिलाड़ी को राज्य खेल पुरस्कार प्राप्त हो रहा है, और यह गौरव सॉफ्टबॉल खेल को मिला है। यह पूरे बस्तर अंचल और प्रदेश के सॉफ्टबॉल परिवार के लिए ऐतिहासिक क्षण है।

संघर्ष से शिखर तक की कहानी

राकेश कड़ती की यह उपलब्धि सिर्फ एक पुरस्कार नहीं, बल्कि संघर्ष और जीत की कहानी है। बचपन में ही नक्सली हिंसा में उनके पिता स्व. सोमैया कड़ती और माता स्व. शांति कड़ती को खोने के बाद राकेश बेसहारा हो गए थे। ऐसे कठिन समय में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने उन्हें टुमॉरो फाउंडेशन में दाखिला दिलाकर नई राह दिखाई। बाद में बीजापुर जिला प्रशासन द्वारा स्थापित बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी में उन्होंने श्रम निरीक्षक एवं सॉफ्टबॉल प्रशिक्षक, उत्कृष्ट खिलाड़ी सोपान कर्णेवार के मार्गदर्शन में सॉफ्टबॉल सीखना प्रारंभ किया।

11 वर्ष की अल्पायु से ही छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए राकेश ने शानदार प्रदर्शन किया:-

सॉफ्टबॉल नेशनल चैंपियनशिप 2021 (सब-जूनियर) – रजत पदक-

सॉफ्टबॉल नेशनल चैंपियनशिप 2022 (सब-जूनियर एवं जूनियर) – दो रजत पदक-

सॉफ्टबॉल नेशनल चैंपियनशिप 2023 (जूनियर) – स्वर्ण पदक

राष्ट्रीय स्तर पर इस शानदार प्रदर्शन के बाद राकेश का चयन भारतीय टीम में हुआ।

उन्होंने अंडर-18 पुरुष सॉफ्टबॉल एशिया कप, कोच्चि (जापान) 2023 तथा द्वितीय अंडर-23 पुरुष सॉफ्टबॉल एशिया कप, बैंकॉक 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का मान बढ़ाया।

राज्य खेल पुरस्कार अलंकरण समारोह, 29 अगस्त 2026 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राकेश को 1.50 लाख रुपये नकद, अलंकरण फलक, मान-पत्र एवं सेरेमोनियल ड्रेस प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ प्रदेश सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील मिश्रा, उपाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा, जसपाल सिंह होरा, महासचिव ओ. पी. शर्मा, सचिव श्रीमती संजना राज, कोषाध्यक्ष जे.पी. नापित, संयुक्त सचिव विवेक साहू एवं कार्यकारिणी सदस्य रजनीश ओसवाल, हेमंत परिहार ने इस ऐतिहासिक चयन पर हर्ष व्यक्त किया है।

एसोसिएशन ने माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, माननीय उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, खेल सचिव श्री यशवंत कुमार, खेल संचालक सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, कलेक्टर बीजापुर श्री विश्वदीप एवं जिला प्रशासन बीजापुर के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही खिलाड़ी राकेश कड़ती एवं उनके प्रशिक्षक सोपान कर्णेवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Please follow and like us:

khelnewz

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *