जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित 7 दिवसीय टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार समापन हो गया. जिसमें धमतरी रेड ने खिताबी मुकाबले में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। धमतरी ग्रीन की टीम उपविजेता रही।गौरतलब है कि संघ द्वारा 01 मार्च से पी.जी. कॉलेज क्रिकेट स्टेडियम में ‘ड्यूज बॉल क्रिकेट समर कैंप’ का आयोजन किया गया था।
कैंप में शामिल खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए उन्हें चार टीमों—धमतरी रेड, ग्रीन, ब्लू और येलो में विभाजित किया गया था। इन टीमों के बीच 31 मई से 7 जून तक टी-20 टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। विशेष बात यह रही कि खेल में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए सभी टीमों में समर कैंप की प्रतिभावान बालिकाओं को भी शामिल किया गया था।
7 जून को खेले गए फाइनल मुकाबले में धमतरी रेड ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए ‘एबी क्रिकेट फाउंडेशन’ द्वारा प्रदत्त विजेता ट्रॉफी जीती। धमतरी रेड के कप्तान हितेंद्र प्रताप ठाकुर को उनके शानदार खेल के लिए फाइनल मैच का ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उपविजेता रही धमतरी ग्रीन को भी चमचमाती ट्रॉफी से नवाजा गया।टूर्नामेंट में व्यक्तिगत रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को एबी क्रिकेट फाउंडेशन की ओर से विशेष ट्रॉफी प्रदान की गई.
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट कुंतल साहू (चुलबुल) कप्तान, धमतरी ग्रीनबेस्ट बैट्समैन प्रिंस शर्मा उपकप्तान, धमतरी ग्रीन
बेस्ट बॉल कृष चंदन
बेस्ट फील्ड वैभव ध्रुव
बेस्ट विकेट कीपर रणवीर सोनवारे
विशेष प्रोत्साहन अवार्ड (अंडर-14) शिवम सिन्हा (13 वर्ष) बैटिंग, बॉलिंग व फील्डिंग में ऑलराउंड प्रदर्शन
टूर्नामेंट में धमतरी रेड का नेतृत्व कप्तान हितेंद्र प्रताप ठाकुर व उपकप्तान जिशाल अली ने किया। धमतरी ग्रीन की कमान कप्तान कुंतल साहू व उपकप्तान प्रिंस शर्मा, धमतरी ब्लू की कमान कप्तान निलेश रजक व उपकप्तान अक्षत महावर और धमतरी येलो की कमान कप्तान मो. कैफ व उपकप्तान लक्ष्य तुर्रे के हाथों में रही।
7 दिनों तक चले इस टूर्नामेंट को सफल बनाने में मुख्य कोच सजल चंद्राकर, सहायक कोच अंजली देवांगन और भूषण का उल्लेखनीय योगदान रहा।पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान धमतरी जिला क्रिकेट संघ के सचिव अजय बाबर और सहसचिव सकुश गुप्ता ने सभी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। आगामी सत्र में धमतरी के खिलाड़ियों की प्रतिभा को और निखारने के लिए बॉलिंग मशीन तथा अन्य आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, प्रति सप्ताह जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए ड्यूज बॉल मैच आयोजित किए जाएंगे।
जिला क्रिकेट संघ, छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के मार्गदर्शन में जिले के टैलेंट को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में जिले की सभी प्रतिभावान महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को निःशुल्क ड्यूज बॉल क्रिकेट प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है।
