संभाग स्तरीय शालेय नेहरू हॉकी 17 वर्ष बालक प्रतियोगिता में बिलासपुर के स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय लिंगियाडीह की हॉकी टीम ने कोरबा को फाइनल मुकाबले में 3-0 से हराकर राज्य स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया.
संभाग स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन बहतराई स्टेडियम में 20 जुलाई को किया गया. प्रतियोगिता में कोरबा, जांजगीर, बिलासपुर की बालक बालिकाओं की 15 वर्ष एवं 17 वर्ष बालक व 17 वर्ष बालिकाओं की टीमों ने भाग लिया.
प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम
15 वर्ष बालक के फाइनल मुकाबले में कोरबा ने जांजगीर को 2-0 से हराया, 17 वर्ष बालिकाओं में जांजगीर ने कोरबा को 2-0 से मात दिया, 17 वर्ष बालक में बिलासपुर ने कोरबा को 3-0 से हराकर खिताब जीता.
प्रतियोगिता के संयोजक धनीराम यादव ने बताया कि नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में केवल एक ही विद्यालय की टीम भाग ले सकती है. टीम के पूरे खिलाड़ी एक ही विद्यालय के होने अनिवार्य होते हैं. राज्य स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन जशपुर में 26 जुलाई से आयोजित होगा.
स्पर्धा में मुख्य अतिथि के रूप में संभागीय क्रीड़ा अधिकारी जीडी गर्ग, वरिष्ठ व्यायाम शिक्षक कलेश्वर कश्यप, निशा दुबे, आशीष मिश्रा, शाहिद हुसैन, मधु राजे, नेशनल अंपायर अनिल कौशिक, कृष्ण गढ़वाल, गोपेश्वर कहरा, राकेश गढ़वाल, गोपाल दास महंत आदि उपस्थित रहे.


