टीम मैनेजर्स मीटिंग में बीएआई के पदाधिकारियों ने नियमों की दी जानकारी
बिलासपुर में 3 से 6 सितंबर तक आयोजित होने वाले योनेक्स-सनराइज वेस्ट जोन इंटर-स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रतियोगिता में महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, मध्य प्रदेश एवं मेजबान छत्तीसगढ़ की टीमें हिस्सा ले रही हैं।प्रतियोगिता के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर बुधवार को टीम मैनेजर्स मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता तमिलनाडु के रेफरी वेंकट नारायणन ने की। उनके साथ डिप्टी रेफरी एफ.एफ. बदिया, गुजरात तथा मैच कंट्रोल तन्मय बनर्जी, पश्चिम बंगाल से उपस्थित रहे।
रेफरी श्री नारायणन ने पांचों राज्यों से आए टीम मैनेजर्स एवं कोचों को प्रतियोगिता से संबंधित सभी नियमों, विनियमों, मैच संचालन प्रक्रिया एवं महत्वपूर्ण तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने खिलाड़ियों एवं टीम अधिकारियों से प्रतियोगिता के दौरान निर्धारित नियमों एवं अनुशासन का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।*पांचों राज्यों के सामने आया मुकाबलों का ड्रॉटीम मैनेजर्स मीटिंग के बाद सभी टीम मैनेजर्स एवं कोचों की उपस्थिति में प्रतियोगिता का आधिकारिक ड्रॉ जारी किया गया।

ड्रॉ के प्रकाशन के साथ ही प्रतियोगिता के मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों एवं टीम अधिकारियों में उत्साह और रोमांच बढ़ गया है।प्रतियोगिता के प्रथम चरण में इंटर-स्टेट टीम चैंपियनशिप के मुकाबले होंगे, जबकि दूसरे चरण में सीनियर एवं जूनियर वर्ग की व्यक्तिगत स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। टीम चैंपियनशिप का फाइनल 4 सितंबर तथा व्यक्तिगत स्पर्धाओं के फाइनल 6 सितंबर को खेले जाएंगे।
BAI एवं आयोजन समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद
टीम मैनेजर्स मीटिंग एवं ड्रॉ प्रकाशन के अवसर पर बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर मयूर पारिख, मानद सचिव, गुजरात बैडमिंटन एसोसिएशन एवं संयुक्त सचिव, बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।आयोजन समिति की ओर से डॉ. एम.एल. चंद्राकर, अरविंद गोयल, मनीष उभरानी व टूर्नामेंट डायरेक्टर प्रताप भट्टाचार्य उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का आयोजन जिला बैडमिंटन संघ द्वारा छत्तीसगढ़ संघ के तत्वावधान में तथा बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) की स्वीकृति से किया जा रहा है।
कल से शुरू होगा बैडमिंटन का रोमांच
3 सितंबर से रेड डायमंड स्पोर्ट्स सेंटर, बिलासपुर में पांच राज्यों के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबलों का आगाज होगा। न्यायधानी के खेल प्रेमियों को चार दिनों तक सीनियर एवं जूनियर वर्ग में देश के पश्चिमी क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच उच्च स्तरीय बैडमिंटन मुकाबले देखने को मिलेंगे।


