chess

KHELNEWZ DURG DESK जिला स्तरीय शतरंज स्पर्धा में तुषार, मान्या, शिल्प एवं इशिका बने डिस्ट्रिक्ट चैम्पियन

छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के निर्देशन व संघ के महासचिव विनोद राठी के मार्गदर्शन तथा खालसा एजुकेशन सोसायटी के सहयोग से खालसा कॉलेज में जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-9 एवं अंडर-17 शतरंज चैंपियनशिप का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न हुआ।

समापन समारोह में उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त रजिस्ट्रार जनरल नीलम चंद सांखला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कैलाश जैन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती मंजू जैन उपस्थिति रही।जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत एवं सचिव तुलसी सोनी ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता छह चक्रों में संपन्न हुई.

अंडर-9 ओपन वर्ग में तुषार यादव ने विजेता ट्रॉफी जीतकर जिला चैम्पियन बनने का गौरव प्राप्त किया। मेधांश सोरी उपविजेता रहे जबकि रेयांश गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।अंडर-9 बालिका वर्ग में मान्या मौर्यिका जिला चैम्पियन बनीं। शांभवी शर्मा उपविजेता रहीं तथा आन्या सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

अंडर-17 ओपन वर्ग में शिल्प कुमार घोड़ेसवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें 2,000 रुपये नगद एवं विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई। शुभम सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 1,500 रुपये नगद एवं उपविजेता ट्रॉफी हासिल की, जबकि चेतस माण्डले को तृतीय स्थान के लिए 1,000 रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।

अंडर-17 बालिका वर्ग में इशिका ने जिला चैम्पियन बनने का गौरव प्राप्त किया उन्हें 2 हजार रुपए नगद एवं विजेता ट्रॉफी तथा द्वितीय स्थान पर रही परिधि लिलहारे को 15 सौ रुपए नगद एवं उपविजेता ट्रॉफी प्रदान किया गया। तृतीय स्थान पर रही काशवी जैन को 1 हजार रूपए नगद एवं ट्रॉफी प्रदान किया गया।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को मेडल एवं ई-सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्पर्धा में दोनों वर्गों में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले ओपन एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी राज्य शतरंज चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

स्पर्धा के मुख्य निर्णायक फीडे आर्बिटर अनिल शर्मा थे। सह निर्णायक के रूप में दिव्यांशु उपाध्याय, मुदिता पांडे, विक्रम सिंह राजपूत ने सफलतापूर्वक मैच संपन्न कराने में योगदान दिया। संघ के पदाधिकारियों द्वारा सर्वप्रथम अतिथियों का स्वागत एवं अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। संघ के दिनेश जैन, गुलाब चौहान का आयोजन में विशेष योगदान रहा।

समारोह के दौरान खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन को सफल बनाने में जिला शतरंज संघ के पदाधिकारियों, निर्णायकों एवं खालसा एजुकेशन सोसायटी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन सचिव तुलसी सोनी एवं आभार अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत ने किया।

Please follow and like us:

khelnewz

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *