छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के निर्देशन एवं प्रदेश शतरंज संघ के महासचिव विनोद राठी के मार्गदर्शन में जिला शतरंज अकादमी द्वारा 3 एवं 4 जून को आयोजित जिला स्तरीय अंडर 9 एवं अंडर 17 चैंपियनशिप का भव्य आगाज राजधानी के बलबीर सिंग जुनेजा इनडोर स्टेडियम स्थित छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के कार्यालय में हुआ। शह और मात की बाजी में दिमागी जोर आजमाइश करने प्रतियोगिता में जिले के कुल 121 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है।

जिसमे अंडर 9 ओपन वर्ग में 27 खिलाड़ी बालिका वर्ग में 9 खिलाड़ी एवं अंडर 17 ओपन वर्ग में 64 एवं बालिका वर्ग में 21 खिलाड़ी शामिल हैं। इसमें दोनों वर्गों के बालक एवं बालिका वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य शतरंज चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। ये चयनित खिलाड़ी राज्य शतरंज चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आज खेले गये 3 चक्रों की समाप्ति के बाद अंडर 9 के ओपन वर्ग में कियांश ओझा साल्वे, युवान कश्यप, अपूर्व भार्गव 3 अंकों के साथ संयुक्त रूप से बढ़त बनाए हुए हैं । शाश्वत श्रीवास 2.5 अंक हासिल कर दूसरे क्रम में है। अंडर 9 बालिका वर्ग में धानवीं मिश्रा, विदुषी सिंह 3 अंकों के साथ संयुक्त रूप से आगे चल रहे हैं तथा अनिका गुप्ता एवं अभिश्री सोनी 2 अंकों के साथ दूसरे क्रम में है।

तीन चक्रों की समाप्ति के बाद अंडर 17 ओपन वर्ग में मेंदा लखित,अनिलेश रॉय, विवान रॉय, भौमिक,दीपांशु वर्मा, भव्यम वर्मा 3 अंकों के साथ संयुक्त रूप से बढ़त बनाए हुए हैं। स्वास्तिक सागर,अभिनव वर्मा 2.5 अंकों के साथ दूसरे क्रम में चल रहे हैं। अंडर 17 के बालिका वर्ग में अदविका पांडे, रावी शेके, सुकृति शर्मा 3 अंकों के साथ संयुक्त रूप आगे चल रहे हैं। अंशिका मिंज 2.5 अंक प्राप्त कर दूसरे क्रम में है।
स्पर्धा कुल 6 चक्रों में खेली जाएगी। स्पर्धा के मुख्य निर्णायक फीडे आर्बिटर अनिल शर्मा एवं डिप्टी चीफ आर्बिटर हर्ष माने,चंदन विश्वकर्मा, विक्रम सिंह एवं हेमा नागेश्वर है। उक्त जानकारी जिला शतरंज अकादमी के कार्यकारिणी अध्यक्ष आनंद अवधिया एवं कार्यकारिणी सचिव दीपांकर सेन गुप्ता ने दी है।
