मॉडर्न पेंटाथलॉन फेडरेशन ऑफ इंडिया (MPFI) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 15वीं एमपीएफआई बायथल-ट्रायथल राष्ट्रीय चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की टीम हिस्सा लेगी। यह प्रतियोगिता 31 मई से 4 जून तक गुजरात विद्यापीठ विश्वविद्यालय, अहमदाबाद (गुजरात) में आयोजित की जा रही है।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के कुल 11 खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिनमें से 5 खिलाड़ी सरगुजा जिले से हैं। चयनित खिलाड़ियों में अथर्व प्रताप सिंह, अभिषेक शर्मा, अथर्व सोनी, अभिनव केरकेट्टा एवं मयंक मेहता शामिल हैं।
बायथल-ट्रायथल मॉडर्न पेंटाथलॉन खेल की एक लोकप्रिय विधा है, जिसमें खिलाड़ियों को शूटिंग, तैराकी एवं दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना होता है। यह खेल शारीरिक क्षमता, एकाग्रता, सहनशक्ति और तकनीकी कौशल का बेहतरीन समन्वय माना जाता है।
यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसे वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन ट्रायल के रूप में भी मान्यता प्राप्त है। इस प्रतियोगिता के आधार पर खिलाड़ियों का चयन एएमपीसी बायथल-ट्रायथल एशियन चैंपियनशिप (दुबई, यूएई) तथा यूआईपीएम बायथल-ट्रायथल विश्व चैंपियनशिप (पुर्तगाल) के लिए किया जाएगा।
जिले से पांच खिलाड़ियों के चयन पर जिला बास्केटबॉल संघ समेत अन्य संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।