
मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश में आयोजित 38वीं जूनियर नेशनल नेटबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। क्वार्टर फाइनल के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने बिहार को 21-18 के कड़े अंतर से शिकस्त देकर अंतिम चार में अपनी जगह सुरक्षित की।
टीम ने अपने पहले लीग मैच में तेलंगाना को 31-1 के विशाल अंतर से और दूसरे मैच में गुजरात को 18-14 से हराकर अपने पूल में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश को 27-6 के भारी अंतर से मात दी।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जांजगीर-चांपा जिले के सेमरा गांव की मेघा कुमारी डहरिया छत्तीसगढ़ टीम का प्रतिनिधित्व कर जिले और प्रदेश का मान बढ़ा रही हैं। मेघा ने जांजगीर के खोखरा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कड़ा प्रशिक्षण लिया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की की।
उनके साथ टीम में कप्तान टी. साईका (दुर्ग), सोनाक्षी मांडवी (दुर्ग), निशा वर्मा व सुषमा नायक (रायपुर), झिलमिल सोनकर (राजनांदगांव), सिमरन भगत व रुद्राक्षी (सरगुजा) और प्रियंका व पूजा (धमतरी) शामिल हैं, जो मैदान पर बेहतरीन टीम कॉम्बिनेशन का प्रदर्शन कर रही हैं।
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के सचिव राजेश राठौर ने बताया कि खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे जांजगीर के खोखरा में 10 से 18 फरवरी तक लगा विशेष प्रशिक्षण कैंप है। टीम को नेशनल गेम्स की पूर्व मैनेजर पूनम निषाद बतौर कोच और नितेश मैनेजर के रूप में मार्गदर्शन दे रहे हैं।
टीम के जीत पर एसोसिएशन की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा सहित संघ के सभी पदाधिकारियों ने बधाई दिए.

