Sport News

KHELNEWZ RAIPUR DESK मुख्यमंत्री श्री साय ने किया संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का उद्घाटन; 6 जिलों के 2,190 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

महामाया की नगरी अंबिकापुर में आज संभाग स्तरीय ‘सरगुजा ओलंपिक 2026’ का भव्य शुभारंभ जिले के पीजी कॉलेज ग्राउंड में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रहे, जबकि अध्यक्षता माननीय मंत्री राजेश अग्रवाल ने की। इस तीन दिवसीय खेल महाकुंभ में सरगुजा संभाग के सभी 6 जिलों के विजेता खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

पंजीयन में बना कीर्तिमान सरगुजा ओलंपिक के प्रति उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि संभाग के 6 जिलों से कुल 3,44,370 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। इसमें महिला खिलाड़ियों की भागीदारी विशेष रही, जहाँ 1,89,658 महिलाओं ने हिस्सा लिया, वहीं पुरुष प्रतिभागियों की संख्या 1,59,712 रही। सबसे अधिक उत्साह एथलेटिक्स में देखा गया, जिसमें 43,870 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था।

12 खेल विधाओं में मुकाबला

21 से 23 मार्च तक चलने वाले इस आयोजन में कुल 11 मुख्य खेल विधाएं शामिल हैं: एथलेटिक्स, तीरंदाजी. बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्‌डी, खो-खो, वॉलीबाल और बॉस्केटबाल। इसके साथ ही पारंपरिक ‘रस्साकस्सी’ को प्रदर्शनी खेल के रूप में सम्मिलित किया गया है।

विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार और खेलवृत्ति

राज्य शासन ने खिलाडियों के प्रोत्साहन के लिए विशेष पुरस्कार राशि की घोषणा की है:व्यक्तिगत खेलः प्रथम (5,000 रु.), द्वितीय (3.000 रु.) और तृतीय (2,000 रु.)।दलीय खेलः प्रथम (10,000 रु.), ‌द्वितीय (6,000 रु.) और तृतीय (4,000 रु.)। खेलवृत्तिः सीनियर वर्ग के विजेता खिलाड़ियों को 3,000 रुपये और जूनियर वर्ग को 2,400 रुपये की खेलवृत्ति (प्रोत्साहन राशि) प्रदान की जाएगी।

गीता फोगाट बनीं प्रेरणा का स्रोतखिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता और ओलंपिक क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान गीता फोगाट विशेष रूप से उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य शासन खिलाड़ियों के साथ है और उन्हें ‘सरगुजा ओलंपिक से ओलंपिक खेलों तक’ का सफर तय करने के लिए कठिन परिश्रम करना चाहिए।

कार्यक्रम में कृषि एवं आदिम जाति विकास मंत्री राम विचार नेताम, महिला एवं बाल विकास समाज कल्याण विभाग मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अध्यक्ष रामकिशुन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, सचिव खेल एवं युवा कल्याण यशवंत कुमार, सरगुजा कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, आदि उपस्थित रहे।

Please follow and like us:

khelnewz

About Author