नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा एवं महासचिव राजेश राठौर ने बताया कि राज्य में नेटबॉल खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों के चयन को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
एसोसिएशन द्वारा सभी संबद्ध जिला इकाइयों को निर्देशित किया गया है कि 15 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय नेटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन अनिवार्य रूप से कराया जाए। जिला चैंपियनशिप में प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
एसोसिएशन का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक जिले में नेटबॉल खेल को मजबूत करना, अधिक से अधिक खिलाड़ियों को प्रतियोगिता का अवसर देना तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।जिला चैंपियनशिप के बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए ट्रायल एवं कोचिंग कैंप 20 दिवस का आयोजित किए जाएंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों की कैंप में नियमित उपस्थिति एवं प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित खिलाड़ियों के लिए भी निर्धारित प्रशिक्षण अवधि 1 माह की होगी जिसे खिलाड़ियों को पूरी करना आवश्यक होगा। एसोसिएशन द्वारा जिला इकाइयों को यह भी निर्देश दिया गया है कि ट्रायल अथवा कोचिंग कैंप शुरू होने से पूर्व इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए, जिसमें कैंप की तिथि, स्थान, समय एवं खिलाड़ियों की पात्रता संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से मिल सके।
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ का यह निर्णय प्रदेश में नेटबॉल के जमीनी स्तर पर विस्तार, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।एसोसिएशन ने सभी संबद्ध जिला इकाइयों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर जिला चैंपियनशिप आयोजित कर आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों की मजबूत टीम तैयार करने का आह्वान किया है।

