जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आज समापन हुआ। 06 से 26 मई तक आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में जिले के विभिन्न खेल मैदानों एवं स्टेडियमों में बड़ी संख्या में बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लेकर खेलों की तकनीकी जानकारी एवं प्रशिक्षण प्राप्त किया।
शिविर के अंतर्गत कुल 13 खेल विधाओं का प्रशिक्षण सुबह एवं शाम दो सत्रों में दिया गया। इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में बैडमिंटन, शतरंज, लॉन टेनिस, बास्केटबॉल, कराते, जूडो, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग एवं एथलेटिक्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। वहीं क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में आर्चरी एवं एथलेटिक्स, हॉकी प्रशिक्षण केंद्र पंडरीपानी में हॉकी, पुलिस लाइन में वॉलीबॉल, सिटी ग्राउंड में फुटबॉल, कर्मचारी भवन शहीद पार्क के पीछे कराते, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घाटलोहंगा में रग्बी तथा विद्या ज्योति स्कूल में जूडो खेल का प्रशिक्षण दिया गया।
इस ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में कुल 586 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बनवासी मौर्य, सभापति खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला पंचायत उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर ऋषिकेश तिवारी, एम.आई.सी. सदस्य संजय विश्वकर्मा सहित जिले के विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
समापन अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रत्येक खेल विधा से एक-एक बालक एवं बालिका खिलाड़ी, जिन्होंने पूरे 21 दिवसीय शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, उन्हें भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आभार प्रदर्शन खेल अधिकारी श्री सुशांत पॉल ने किया.
