नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ एवं जिला नेटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आज से जांजगीर के हाई स्कूल मैदान पर दो दिवसीय 5वीं छत्तीसगढ़ सीनियर नेटबॉल प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला) का आयोजन होने जा रहा है। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 17 जिलों के 440 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन समिति से मिली जानकारी के अनुसार, प्रतियोगिता में दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़, गरियाबंद, सक्ती, कांकेर, सरगुजा, बलौदा बाजार-भाटापारा, मेजबान जांजगीर-चाम्पा, जशपुर, मुंगेली, राजनांदगांव, कोरबा, बेमेतरा, रायपुर, धमतरी और सूरजपुर की टीमें भाग ले रही हैं। खिलाड़ियों के साथ ही लगभग 56 कोच, मैनेजर और तकनीकी अधिकारी इस आयोजन में अपनी भूमिका निभाएंगे।

प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन आज 13 जून को शाम 6:00 बजे होगा कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढेवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन यादव, जिला पंचायत सदस्य लोकेश राठोर, सुब्रत प्रधान खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण विभाग की उपस्थिति रहेगी। आयोजकों ने खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और आवागमन की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं।

नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के महासचिव राजेश राठौर ने बताया कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है। इस आयोजन के प्रदर्शन के आधार पर छत्तीसगढ़ की संभावित टीम का चयन किया जाएगा। तत्पश्चात, एक विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाकर अंतिम 12 पुरुष एवं 12 महिला खिलाड़ियों का चयन होगा, जो नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आगामी अगस्त माह में आयोजित होने वाली 44वीं सीनियर नेशनल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

