athletics

KHELNEWZ EDITORIAL DESK सूरजपुर की बेटी सोनिका राजवाड़े को मिला शहीद कौशल यादव सम्मान

3000 मीटर दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन से बनाई खास पहचान, वर्तमान में साई सेंटर भोपाल में ले रही हैं प्रशिक्षण

नगर पंचायत प्रेमनगर की होनहार एथलीट सोनिका राजवाड़े, पिता भूपेंद्र राजवाड़े, का चयन एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित “शहीद कौशल यादव सम्मान 2025-26” के लिए किया गया है।

सोनिका राजवाड़े की इस उपलब्धि को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि वह सरगुजा संभाग से इस सम्मान को प्राप्त करने वाली पहली खिलाड़ी बनने जा रही हैं, जिससे पूरे सूरजपुर जिले और सरगुजा संभाग के खेल जगत में खुशी की लहर है।

जिला एथलेटिक्स संघ सूरजपुर से शुरू हुआ सफर

सोनिका ने अपने खेल करियर के महत्वपूर्ण समय में लगभग ढाई वर्षों तक जिला एथलेटिक्स संघ सूरजपुर में 3000 मीटर दौड़ की नियमित कोचिंग एवं प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने नरेश कुमार कुशवाहा एवं aslesh राजवाड़े के मार्गदर्शन में लगातार मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी प्रतिभा को निखारा।

अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर सोनिका ने आगे की ऊंचाइयों की ओर कदम बढ़ाया है। वर्तमान में वह साई सेंटर, भोपाल (मध्यप्रदेश) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की दिशा में निरंतर मेहनत कर रही हैं।

सोनिका की सफलता से युवा खिलाड़ियों को मिली नई प्रेरणा

सोनिका राजवाड़े की सफलता यह संदेश देती है कि छोटे शहर और ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं में भी बड़े मंच पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने की पूरी क्षमता है। जरूरत है तो केवल सही मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास, अनुशासन और निरंतर मेहनत की।

जिला एथलेटिक्स संघ सूरजपुर का उद्देश्य जिले की अधिक से अधिक प्रतिभाओं को एथलेटिक्स से जोड़ना और उन्हें उचित प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराना है। सोनिका जैसी खिलाड़ियों की सफलता निश्चित रूप से जिले के अन्य बच्चों और युवाओं को भी खेलों में आगे आने के लिए प्रेरित करेगी।

जिला एथलेटिक्स संघ सूरजपुर की ओर से बधाई

जिला संघ की पूरी टीम ने सोनिका को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी है। संघ ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सोनिका आने वाले समय में एथलेटिक्स के क्षेत्र में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी।

Please follow and like us:

khelnewz

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *