अखिल भारतीय सिविल सेवा बैडमिंटन प्रतियोगिता में जिले की अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी संगीता राजगोपालन ने एकल, युगल एवं मिश्रित युगल के फाइनल में प्रवेश कर अपनी श्रेष्ठता पुनः बरकरार रखी। आज खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में एकल में संगीता ने अपने ही राज्य की हेमिन बाघे को आसानी से 15-06,15-02 से परास्त किया।
युगल में हेमिन के साथ खेलते हुए आरएसबी कानपुर की निशा सिंह और सरिता की जोड़ी को सीधे सेटों में एवं मिश्रित युगल में दिल्ली के राजीव शर्मा के साथ खेलते हुए केरल की जोड़ी ट्विंकल और मारन को परास्त किया। संगीता के अलावा छग से रायपुर की मनीषी सिंह, जगदलपुर के डॉ मूर्ति ने भी सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इन खिलाड़ियों का सफर सेमीफाइनल में अच्छे प्रदर्शन के साथ समाप्त हुआ।
संगीता ने अपने 35 वर्षों के सिविल सेवा में 29 बार सिविल सेवा बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लिया और अब तक उनके द्वारा 17 बार एकल खिताब, 26 बार युगल खिताब और 19 बार मिश्रित युगल का खिताब जीच चुकी है.


