सीबीएसई क्लस्टर-II फुटबॉल टूर्नामेंट में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-01, की अंडर-14 बालक टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में कुल 17 टीमों ने हिस्सा लिया, जिन्हें चार ग्रुपों में विभाजित किया गया था।
रेलवे स्कुल टीम के ग्रुप में रेलवे नंबर-2, बिड़ला स्कूल कोलकाता तथा कार्मेल स्कूल अंबिकापुर की टीमें शामिल थीं। ग्रुप चरण में रेलवे नंबर-01 ने बिड़ला स्कूल कोलकाता को 3-1 से तथा रेलवे नंबर-02 को 2-0 से पराजित किया। वहीं कार्मेल स्कूल अंबिकापुर के विरुद्ध टीम को वॉकओवर मिला। इस प्रकार टीम ने 9 अंक अर्जित कर ग्रुप में प्रथम स्थान प्राप्त किया और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल मुकाबले में टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। यश रजक के महत्वपूर्ण गोल की बदौलत रेलवे नंबर-01 ने मुकाबला 1-0 से अपने नाम कर फाइनल में पहुंची.
फाइनल का फैसला टाई-ब्रेकर से हुआ तय
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित समय में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ और मैच 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद मुकाबले का फैसला टाई-ब्रेकर से हुआ, जिसमें एसईसी रेलवे की टीम ने संयम और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए 4-3 से जीत हासिल कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्राचार्य सूर्य प्रकाश द्विवेदी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। टीम के वरिष्ठ फुटबॉल कोच देवानंद चटर्जी के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय परिवार ने विजेता टीम, कोच एवं समस्त सहयोगी सदस्यों को शुभकामनाएं दिए.
