Cricket

KHELNEWZ BILASPUR DESK इंटर-स्कूल टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन लोयोला, छत्तीसगढ़ स्कूल और भारत माता ने अपने अपने मुकाबले जीते

चौथे इंटर स्कूल टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिन की शुरुआत लोयोला स्कूल और जे.के. नेशनल स्कूल के बीच मैच से हुई। टॉस जीतकर जे.के. नेशनल स्कूल ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लोयोला स्कूल ने 10 ओवर में 127 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें कुलदीप ने शानदार 35 रनों का योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए जे.के. नेशनल स्कूल की टीम 78 रन पर ही सिमट गई। इस प्रकार लोयोला इंग्लिश मीडियम स्कूल ने 49 रनों से जीत दर्ज की। इस मैच के ‘मैन ऑफ द मैच’ कुलदीपक रहे, जिन्होंने 35 रन बनाने के साथ 4 विकेट भी लिए।

दूसरा मुकाबला गायत्री विद्या मंदिर स्कूल और छत्तीसगढ़ स्कूल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर गायत्री विद्या मंदिर ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम 10 ओवर में 64 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जवाब में छत्तीसगढ़ स्कूल ने मात्र 5 ओवर 3 गेंद में लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। इस मैच के ‘मैन ऑफ द मैच’ अंश कोरी रहे, जिन्होंने 28 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

दिन का तीसरा और अंतिम मुकाबला भारत माता इंग्लिश मीडियम स्कूल और एल.सी.आई.टी. पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर एल.सी.आई.टी. पब्लिक स्कूल ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत माता स्कूल ने 10 ओवर में 4 विकेट खोकर 115 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। इसमें अबीर कलशा ने शानदार 81 रनों की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए एल.सी.आई.टी. की टीम 84 रन पर ऑल आउट हो गई। इस मैच के ‘मैन ऑफ द मैच’ अबीर कलशा रहे।

Please follow and like us:

khelnewz

About Author