Cricket

KHELNEWZ BILASPUR DESK इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का विजेता बना छत्तीसगढ़ स्कूल

हॉली क्रॉस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित चौथे इंटर स्कूल टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच कल संपन्न हुआ। फाइनल मुकाबले में मेज़बान हॉली क्रॉस और छत्तीसगढ़ स्कूल की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर हॉली क्रॉस ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित ओवरों में 70 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ स्कूल की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 6 ओवर में ही लक्ष्य प्राप्त कर लिया और फाइनल मैच अपने नाम कर लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर संजय अग्रवाल (IAS) उपस्थित रहे।

गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में एसपी रजनेश सिंह, विशिष्ट अतिथियों में अविनाश सेठी (कोषाध्यक्ष, कराटे एसोसिएशन), शैलेन्द्र सिंह ठाकुर, उमेश मौर्य, प्राचार्या डॉ. सिस्टर क्लेरिटा डी’मेलो उपस्थित रही.

इसके अतिरिक्त विद्यालय परिवार की ओर से सिस्टर मैनेजर लूसी, सिस्टर अजेया, सिस्टर नीलिमा एवं सिस्टर महिमा मौजूद रही. विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल भी इस कार्यक्रम के दौरान स्कूल में आमंत्रित थे जिसमें भारत माता इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्रिंसिपल फादर सलिन, फादर प्रवीण बारा, फादर मनीष छत्तीसगढ़ स्कूल के उपप्राचार्य इत्यादि सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्री संजय अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

गेस्ट ऑफ ऑनर रजनेश सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं और उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं। अन्य अतिथियों ने भी ऐसे आयोजनों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की प्रिंसिपल सिस्टर क्लेरिटा डी’मेलो की अहम भूमिका रही, जिन्होंने इस भव्य आयोजन के संचालन एवं प्रबंधन में विशेष योगदान दिया। साथ ही विद्यालय के खेल शिक्षक देवेन्द्र दास, विकास माझी एवं जयंत दास का भी सराहनीय योगदान रहा.

कार्यक्रम के अंत में विजेता टीम छत्तीसगढ़ स्कूल को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किए गए, जबकि उपविजेता टीम हॉली क्रॉस स्कूल को भी सम्मानित किया गया।

Please follow and like us:

khelnewz

About Author