खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जगदलपुर में एथलेटिक्स, फुटबाॅल तथा आर्चरी के बालक वर्ग का प्रथम आवासीय खेल अकादमी इस वित्तीय वर्ष में प्रारंभ किया जाना है। अकादमी प्रारंभ करने के संबंध में आवश्यक तथा महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर चर्चा और उपलब्ध अधोसंरचनाओं के निरीक्षण करने हेतु श्रीमती तनुजा सलाम, संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आज जगदलपुर का दौरा किया गया।

संचालक द्वारा खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध आवास व्यवस्था, भोजन व्यवस्था, चयन ट्रायल की प्रक्रिया, विद्यालय सुविधा, वाहन व्यवस्था, खेल सामग्री तथा आवास हेतु आवश्यक समस्त मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इस संबंध में खेल अधिकारी सुशांत पॉल से विस्तृत चर्चा करते हुए अकादमी संचालन की तैयारियों की समीक्षा की गई.

निरीक्षण के दौरान संचालक महोदया ने पूरे भवन का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में आवासीय खेल अकादमी प्रारंभ होने से स्थानीय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं सुविधाएं प्राप्त होंगी, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे और पदक अर्जित कर सकेंगे।
यह उल्लेखनीय है कि, बस्तर क्षेत्र में खेल विभाग द्वारा तीन खेलों का प्रथम आवासीय अकादमी प्रारम्भ होने जा रहा है। जिससे यहां के नैसर्गिक प्रतिभावान खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, डाईट, आधुनिक उपकरण, आवास, शिक्षा, बीमा, किट, ईलाज, उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी आदि की सुविधा खेल विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।

उक्त आवासीय अकादमी में प्रवेश हेतु बहुत ही जल्द चयन ट्रायल विज्ञापन जारी किया जाएगा, जिसमें 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। एथलेटिक्स में 20, फुटबाॅल में 25 तथा आर्चरी में 20 खिलाड़ियों का चयन आवासीय अकादमी हेतु किया जाएगा।
उसके बाद खेलो इंडिया लघु केन्द्र पण्डरीपानी में संचालित हाॅकी सेंटर का संचालक द्वारा दौरा किया गया। वहां नियुक्त हाॅकी प्रशिक्षक कार्तिक यादव द्वारा हाॅस्टल भवन, जिम हाॅल का निरीक्षण कराते हुए, केन्द्र में प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों की संख्या, उपलब्ध खेल सामग्री के बारे में जानकारी दी गई।
संचालक ने खिलाड़ियों से भी मुलाकात कर, उनसे उनकी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली गई। संचालक मैडम के साथ विभागीय अधिकारी गिरीश शुक्ला तथा पी.एम.यू. सेे श्री जतिन भी रायपुर से पहुंचे हुए थे।
