जिला प्रशासन व खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 21 दिवसीय जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जिला मुख्यालय में 11 से 31 मई तक किया जा रहा है। शिविर प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक तथा सायं 5:00 बजे से 7:00 बजे तक संचालित होगा (मौसम अनुसार).
कलेक्टर रायपुर के निर्देशानुसार शिविर आयोजन की तैयारियों एवं रूपरेखा के संबंध में 08 मई को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों की बैठक आयोजित की गई।कलेक्टर के प्रतिनिधि के रूप में अपर कलेक्टर उमाशंकर बंदे द्वारा खेल संघों /प्रशिक्षकों से दिशानिर्देश प्रदाय किया गया. जिसमे प्रवेश जोशी खेल अधिकारी रायपुर उपस्थित रहे ।
इस ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में रायपुर शहर के विभिन्न खेल मैदानों में नवोदित एवं इच्छुक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। शिविर में कुल 22 खेल विधाओं वॉलीबाल, बॉस्केटबाल, फुटबाल, सॉफ्टबाल, हैंडबाल, हॉकी, कराते, ताईक्वांडो, टेबल टेनिस, कबड्डी, तीरंदाजी, भारोत्तोलन, किक बॉक्सिंग, जिम्नास्टिक, मलखम्ब, नेटबॉल, खो-खो, टेनिक्वाट, एथलेटिक्स, कुश्ती, क्याकिंग-केनोइंग एवं सॉफ्ट टेनिस का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रशिक्षण हेतु आवश्यक खेल सामग्री एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विभिन्न खेल संघों के प्रशिक्षक अपनी सेवाएं देकर खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।ग्रीष्मावकाश को ध्यान में रखते हुए जिले के अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा उनकी खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से अभिभावकों से अपने बच्चों को शिविर में शामिल कराने की अपील की गई है।
यह प्रशिक्षण शिविर पूर्णतः निःशुल्क होगा।शिविर के समापन अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत एवं प्रशिक्षको को सम्मानित किया जाएगा।
