Hockey Sport News

KHELNEWZ BILASPUR DESK राष्ट्रीय खेल दिवस पर हुआ सांसद खेल महोत्सव का आगाज़

29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद जी की जयंती को “राष्ट्रीय खेल दिवस” के रूप में पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है। वर्ष 2019 में माननीय प्रधानमंत्री जी के द्वारा “राष्ट्रीय खेल दिवस” के दिन ही फिट इण्डिया मूवमेंट का शुभारंभ किया गया था, इसी तारतम्य में भारत सरकार द्वारा भारत के समृद्ध खेल विरासत का उत्सव मनाने और मेजर ध्यानचंद जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने, ओलम्पिक मूल्यों में राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह को समाहित करके, पूरे देश को ईमानदारी, महत्वाकांक्षा और सामूहिक भावना के साझा दृष्टिकोण के साथ एकजुट करने और मजेदार और प्रतिस्पर्धात्मक खेलों के माध्यम से शारीरिक सक्रियता, समावेशिता और टीमवर्क को प्रोत्साहित करने हेतु जन सामान्य को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से इस वर्ष 29 से 31अगस्त तक राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह के राष्ट्रव्यापी आयोजन किये जा रहे हैं।

स्व. बी. आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई में खेल दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं राज्य मंत्री भारत सरकार, आवासन एवं शहरी कार्य तोखन साहू, बिल्हा विधान सभा के विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधानसभा के विधायक सुशांत शुक्ला जिले की प्रथम नागरिक महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी एवं भूतपूर्व ओलम्पियन व हाॅकी हेड कोच अजीत इमानुएल लकड़ा के द्वारा मेजर ध्यानचंद जी की प्रतिमा में माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

जिसके पश्चात श्री तोखन साहू के द्वारा खिलाड़ियों को फिट इण्डिया शपथ दिलाया गया। सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के द्वारा सांसद खेल महोत्सव पोर्टल का शुभारंभ किया गया और सांसद खेल महोत्सव हेतु बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए पहला पंजीयन भी किया गया। उल्लेखनीय है कि, इस वर्ष भारत सरकार के निर्देशानुसार खेल और फिटनेस के माध्यम से सभी समुदाय को एक साथ लाने, युवाओं में खेल संस्कृति और लीडरशिप को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 से 25 दिसम्बर तक सांसद खेल महोत्सव का आयोजन भी किया जाना है। जिसका पंजीयन 29 अगस्त से 20 सितम्बर 2025 तक होना है।

केन्द्रीय राज्य मंत्री जी के द्वारा “सांसद खेल महोत्सव” के पोर्टल में स्वयं का पंजीयन कर अधिकाधिक संख्या में भाग लेते हुए प्रधानमंत्री के फिट युवा विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए युवाओं को आह्वान किया गया। फिट युवा करेंगे विकसित भारत का सपना साकार- तोखन साहू, राज्य मंत्री भारत सरकार राष्ट्रीय खेल दिवस के इस कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्य मंत्री के द्वारा अपने उद्बोधन में अवगत कराया कि, युवाओं में फिटनेस केवल जिम जाने से नहीं बनेगा अपितु उन्हें खेल के मैदान में भी उतरना होगा, जिससे कि खेल के क्षेत्र में भी भारत देश का राष्ट्रीय ध्वज पूरे विश्व में सर्वोपरि हो। उन्होंने युवाओं को अपने संबोधन में बताया कि, फिटनेस से केवल शारीरिक मजबूती ही नहीं अपितु एक गौरवशाली राष्ट्र का निर्माण होता है, अतः खेल एक माध्यम है गौरवशाली विकसित भारत के सपने को साकार करने का।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित हुआ हाॅकी का खेल

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर स्व. बी. आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र स्थित हाॅकी मैदान में आवासीय अकादमी बहतराई, छत्तीसगढ़ हाॅकी व हाॅकी बिलासपुर के खिलाड़ियों को दो दलों अशोक ध्यानचंद 11 एवं धनराज पिल्ले 11 में विभक्त कर सद्भावना मैच का आयोजन किया गया. जिसमें अशोक ध्यानचंद 11 ने धनराज पिल्ले 11 को 5-2 के अंतर से जीत दर्ज की। इस अवसर पर मैच के पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री ने खिलाड़ियों से परिचय लिया और स्वयं भी हाॅकी स्टिक लेकर पेनाल्टी शूट आऊट कर खेल में हिस्सा लिया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर संजय अग्रवाल जिला कलेक्टर, रजनेश सिंह पुलिस अधीक्षक, संदीप अग्रवाल मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, अमित कुमार आयुक्त नगर पालिक निगम उपस्थित रहे.

आयोजन में सहायक संचालक खेल विभाग ए. एक्का, खेल अधिकारी सुशील अमलेश, हेड कोच जसविंदर सिंह भाटिया (द्रोणाचार्य आवार्डी), अजीत. ई. लकड़ा (पूर्व ओलम्पियन), वरिष्ठ प्रशिक्षक दिल कुमार राठौर, हरगुलशन सिंह, राकेश टोप्पो, साजिद खान जिला क्रीड़ा अधिकारी, मनीष श्रीवास्तव महासचिव छत्तीसगढ़ हाॅकी, अमरनाथ सिंह महासचिव छ.ग. एथलेटिक संघ, प्रदीप यादव महासचिव छ.ग. कबड्डी संघ, अख्तर खान संयुक्त सचिव छ.ग. बेसबाॅल संघ, खेल विभाग व खेलो इंडिया स्टेट व अन्य विभागों के समस्त कर्मचारियों के साथ, खेल संघ के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:

khelnewz

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *