
जिला खेल परिसर, सरकंडा में छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के तत्वावधान में जिला जूडो संघ द्वारा 26वीं सबजूनियर, कैडेट (बालक – बालिका) चैंपियनशिप का आयोजन 08 से 10 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है. जिसमे 16 जिलों के जूडो खिलाड़ी भाग ले रहे है।
यह जानकारी देते हुए संयुक्त सचिव अनीस मेमन ने आगे बताया कि उक्त चैंपियनशिप का उदघाटन छत्तीसगढ़ के राज्यपाल महामहिम श्री रोमेन डेका ने किया। इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल, एस एस पी रजनेश सिंह, छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी, महासचिव शम्भू सोनी, जिला जूडो संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र शुक्ला मंच पर उपस्थित थे।

स्वागत भाषण अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने प्रस्तुत किया और प्रदेश के सभी जिलों में जूडो खेल के विकास में शासन प्रशासन के सहयोग की आवश्यकता को अपरिहार्य बताया।इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल जी ने छत्तीसगढ़ प्रदेश की उभरती अंतरराष्ट्रीय प्रतिभाओं में कोंडागाँव की हेमबती नाग, योगिता मण्डावी तथा बिलासपुर की शारदा गोस्वामी और अभिषेक जायसवाल को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।

महामहिम राज्यपाल ने टेक्निकल टीम के सदस्यों से परिचय प्राप्त किया और जूडो ततामि में प्रतिस्पर्धी जूडो खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। महामहिम ने अपने उदबोधन में खिलाड़ियों से डिजिटल दुनिया के खतरों से आगाह किया और कहा कि AI को मानव दिमाग ही कंट्रोल कर सकता है। उन्होंने आगे कहा कि डिजिटल दुनिया के खतरों से बचना है तो किसी न किसी खेल को खेलना जरूरी है, यही बेहतरीन साधन है और जूडो खेल तो विशेष रूप से बालिकाओं की आत्मसुरक्षा के लिए बहुत उपयोगी है।
आभार प्रदर्शन महासचिव शम्भू सोनी ने किया। महामहिम राज्यपाल को अध्यक्ष एव महासचिव द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।


