राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रमुख स्पोर्ट्स साइंस एवं रिहैबिलिटेशन केंद्र, अवीक हाई-परफॉरमेंस लैब (AVIK High-Performance Lab) एवं rehab institute खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए एक विशेष पहल की जा रही है।
31 अगस्त , 01 एवं 02 सितम्बर को बिलासपुर स्थित लैब में तीन दिवसीय नि:शुल्क स्पोर्ट्स इंजरी एवं एथलेटिक परफॉरमेंस असेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सुबह 10:30 बजे से शाम 8:30 बजे तक चलेगा, जिसमें राज्य के युवा, पेशेवर और अकादमियों से जुड़े खिलाड़ी भाग ले सकते हैं।

निदेशक डॉ. अविनाश जायसवाल ने बताया कि अक्सर खिलाड़ी चोट या शारीरिक असंतुलन के कारण अपनी पूरी क्षमता का प्रदर्शन नहीं कर पाते। इस कैंप में खिलाड़ियों की जोड़ों की समस्याओं, पुरानी चोटों और बायोमैकेनिकल संरेखण (Biomechanical Alignment) की नि:शुल्क जांच की जाएगी। इसके अलावा, आधुनिक तकनीक के माध्यम से खिलाड़ियों की जंप हाइट, रिएक्शन स्पीड और ताकत एवं अन्य पहलुओं का सटीक मूल्यांकन किया जाएगा।
क्षेत्र की प्रमुख खेल अकादमियों के संचालकों और कोचों को विशेष आमंत्रण भेजा जा रहा है ताकि उनके खिलाड़ी इस आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ सलाह का लाभ उठा सकें। डॉ. अविनाश जायसवाल ने कहा, “हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को चोट-मुक्त रखना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने के लिए वैज्ञानिक आधार प्रदान करना है।”


