अस्मिता नेशनल कयाकिंग एंड कैनोइंग प्रतियोगिता 2026 का आयोजन भोपाल में 08 से 10 अगस्त तक किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए राज्य की महिला टीम आज रवाना हुई।रवाना होने से पूर्व टीम ने श्रीमती तनुजा सलाम, IAS, संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग से सौजन्य भेंट की।
इस अवसर पर संचालक महोदया ने खिलाड़ियों से मुलाक़ात कर उज्जवल भविष्य एवं पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में रायपुर में आयोजित अस्मिता जोनल लीग प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 स्वर्ण, 3 रजत एवं 8 कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया था। उक्त चैंपियनशिप में राज्य की टीम दूसरे स्थान पर रही थी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कयाकिंग एंड कैनोइंग संघ के संयुक्त सचिव प्रशांत सिंह रघुवंशी, कोच श्रीमती पिंकी साहू, कोच अशोक साहू, अशोक दुबे सहित खिलाड़ी उपस्थित थे। चैंपियनशिप के लिए संघ के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया एवं अभिजीत मिश्रा सचिव छत्तीसगढ़ प्रदेश कयाकिंग एंड कैनोइंग संघ सहित अन्य पदाधिकारियों ने टीम को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
