दिग्विजय इंडोर स्टेडियम में आयोजित योनेक्स 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता का आज समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 13 अगस्त तक किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि खुबचंद जी पारख, पूर्व कैबिनेट मंत्री, अध्यक्ष सचिन बघेल, विशिष्ट अतिथि सुशील कोठारी, डॉ. अरविंद बोधे जी.एच. रायसोनी समूह तथा रमेश पटेल सचिव दिग्विजय स्टेडियम समिति उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के अंतिम दिन अंडर-19 वर्ग की बालक एकल, बालिका एकल, बालक युगल, बालिका युगल एवं मिश्रित युगल स्पर्धाओं के रोमांचक फाइनल मुकाबले खेले गए।
प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता
अंडर-19 बालक एकल में वैभव सिंह (बिलासपुर) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अक्षय दत्त मिश्रा (रायपुर) को 15-9, 15-10 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
अंडर-19 बालिका एकल में रेवाराजे वर्मा (रायपुर) ने रेनुश्री यवर्णा (रायपुर) को 15-13, 15-8 से हराकर विजेता का खिताब हासिल किया।

अंडर-19 बालक युगल के फाइनल मुकाबले में गरवित कंसल एवं सार्थक कांत थॉमस की जोड़ी ने आर्यन सिंह एवं चित्राक्ष लोखवानी की जोड़ी को 20-18, 15-4 से पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
अंडर-19 बालिका युगल में हिमाबिंदु यवर्णा एवं रेनुश्री यवर्णा की जोड़ी विजेता रही। उन्होंने रेवाराजे वर्मा एवं तिष्य मुक्ता की जोड़ी को 16-14, 15-6 से पराजित किया।
वहीं अंडर-19 मिश्रित युगल में सार्थक कांत थॉमस एवं इशिका पोद्दार की जोड़ी ने गरवित कंसल एवं भाव्या सिंह की जोड़ी को 10-15, 15-11, 15-8 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
मुख्य अतिथि खुबचंद पारख सहित मंचासीन सभी अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए। जिला बैडमिंटन संघ ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, अधिकारियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।



