सीएससीएस द्वारा छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग के तीसरे संस्करण की टीमों एवं जर्सी का अनावरण मंगलवार को होटल मायरा, उमरिया, नवा रायपुर में किया गया। इस अवसर पर क्रिकेट जगत की कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।

सीएससीएस द्वारा सीसीपीएल के तीसरे संस्करण का आयोजन 03 से 14 जून तक शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। सीएससीएस डायरेक्टर विजय शाह ने कहा कि सीसीपीएल आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को बड़ा मंच प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष सीसीपीएल के बाद प्रदेश के खिलाड़ी आईपीएल ऑक्शन तक पहुंचे, जो छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सीएससीएस लगातार प्रयास कर रहा है कि सीजन दर सीजन सीसीपीएल के स्तर को और बेहतर बनाया जाए तथा इसे एक शानदार लीग के रूप में स्थापित किया जाए।

पूर्व सीपीएल अध्यक्ष प्रमोद शंकर शर्मा ने कहा कि केवल दो से तीन वर्षों में सीसीपीएल का स्तर काफी ऊंचा हुआ है। उन्होंने कहा कि सीएससीएस प्रतिभावान खिलाड़ियों एवं सपोर्टिंग स्टाफ को बेहतर मंच देने का सराहनीय कार्य कर रहा है।

भूतपूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान ने खिलाड़ियों से अपने खेल को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन से स्वयं को साबित करना होगा। श्री चौहान ने टेस्ट क्रिकेट को खेल की रीढ़ बताते हुए कहा कि टेस्ट क्रिकेट ही क्रिकेट की असली पहचान है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के मुख्य को अमय खुरासिया की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे देश के बेहतरीन कोचों में से एक हैं और उनके मार्गदर्शन में प्रदेश के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे।

सीएससीएस डायरेक्टर बलदेव सिंह भाटिया ने रायपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एवं आईपीएल मैचों के सफल आयोजन के लिए संघ की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्रिकेट के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का नाम तेजी से आगे बढ़ रहा है और संघ की इच्छा है कि प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलकर राज्य का नाम और ऊंचा करें। उन्होंने सीसीपीएल को खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन प्लेटफॉर्म बताया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्री बलदेव सिंह भाटिया, विजय शाह, मोहन दास अध्यक्ष सीएससीएस, सचिव विंटेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सुमित गुप्ता, मुकुल तिवारी, अजय तिवारी आदि उपस्थित रहे।
