Hockey

KHELNEWZ RAIPUR DESK छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के उद्घाटन मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराया

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के उद्घाटन मुकाबले में भारतीय हॉकी के दो ओलंपियन खिलाड़ियों की टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली। गुरुवार को रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ओलंपियन सुरेंद्र सिंह की न्यायधानी नाइट्स ने ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराकर शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। न्यायधानी नाइट्स की ओर से चिराग और केतन कुशवाहा ने एक-एक गोल किया, जबकि राजधानी रॉयल्स की ओर से रौशन एकमात्र गोल करने वाले खिलाड़ी रहे।

मैच की शुरुआत से ही न्यायधानी नाइट्स ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले के 12वें मिनट में चिराग ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। उनके तेज फ्लिक को राजधानी रॉयल्स के पहले रशर और गोलकीपर हिमांशु मलिक रोकने में नाकाम रहे। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में केतन कुशवाहा ने शानदार मैदानी गोल कर न्यायधानी नाइट्स की बढ़त 2-0 कर दी। केतन ने विपक्षी टीम के कुछ रक्षकों को छकाते हुए गेंद गोलपोस्ट में पहुंचाई।

इसके ठीक एक मिनट बाद न्यायधानी नाइट्स को अपनी बढ़त और मजबूत करने का मौका मिला, लेकिन टीम पेनल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल सकी। दूसरी ओर, राजधानी रॉयल्स के कप्तान ललित उपाध्याय ने मिडफील्ड में आक्रामकता बढ़ाते हुए टीम को मुकाबले में वापस लाने का प्रयास किया। हालांकि, राजधानी रॉयल्स भी उसे मिले दुर्लभ पेनल्टी कॉर्नर का फायदा नहीं उठा सकी।न्यायधानी नाइट्स के सुरेंद्र सिंह ने रक्षापंक्ति में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने विपक्षी खिलाड़ियों को डी क्षेत्र में खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। न्यायधानी नाइट्स के रक्षकों ने लगातार बेहतरीन ढंग से गेंद को खतरे के क्षेत्र से बाहर निकाला, जिसका असर स्कोर पर भी दिखाई दिया।

दूसरे क्वार्टर के अंतिम क्षणों में राजधानी रॉयल्स के अनिकेत कुजूर के लिए दिए गए पास को रोकने के प्रयास में सुरेंद्र सिंह के चेहरे पर चोट भी लगी। मुकाबले के दूसरे हाफ में खिलाड़ियों के बीच तालमेल की कमी के कारण दोनों टीम किसी भी मौके को गोल में तब्दील नहीं कर सके। चौथे क्वार्टर में खेल की गति कुछ धीमी रही। राजधानी रॉयल्स के सामने मुकाबले में वापसी करने की चुनौती थी, लेकिन टीम की अग्रिम पंक्ति प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर सकी।

गोल करने के कई अवसर गंवाने के कारण टीम पर दबाव बढ़ता गया। इसी क्वार्टर में मुकाबले के दौरान दूसरी बार खिलाड़ियों को चोट लगी। राजधानी रॉयल्स के पहले रशर प्रेमचंद सोय की न्यायधानी नाइट्स के चिराग से जोरदार टक्कर हो गई। दोनों खिलाड़ी मैदान पर गिर पड़े, जिसके कारण कुछ समय के लिए खेल रोकना पड़ा। इसके बाद मुकाबले में कोई बड़ा उलटफेर नहीं हुआ और न्यायधानी नाइट्स ने 2-1 से जीत दर्ज कर ली। पूरे मैच में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले केतन कुशवाहा को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

शुक्रवार, 23 अक्टूबर को इसी स्टेडियम में दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला शाम 5:30 बजे मैनपाट टाइटंस और बैलाडीला बुल्स के बीच होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियंस और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की टीमें आमने-सामने होंगी।

महिला प्रदर्शनी मैच में इंद्रावती टाइग्रेस की एकतरफा जीत, महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हराया

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के अंतर्गत गुरुवार को खेले गए महिला प्रदर्शनी मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने शानदार खेल दिखाते हुए महानदी फाल्कन्स को 4-1 से पराजित किया। इंद्रावती टाइग्रेस की कप्तान आंचल साहू ने दो गोल दागकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम की ओर से लीना कोरसे और ममतेश्वरी लहरे ने भी एक-एक गोल किया। वहीं महानदी फाल्कन्स की ओर से रिया खलखो ने एकमात्र गोल किया।

मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस का शुरू से ही दबदबा रहा। टीम ने लगभग 60 प्रतिशत समय तक गेंद पर कब्जा बनाए रखा और लगातार आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। इसके विपरीत महानदी फाल्कन्स के खिलाड़ियों में तालमेल की कमी दिखाई दी। टीम की अग्रिम पंक्ति भी अपेक्षित आक्रामकता नहीं दिखा सकी। बेहतर रणनीति, गेंद पर नियंत्रण और आक्रामक खेल की बदौलत इंद्रावती टाइग्रेस ने चार गोल दागकर एकतरफा जीत दर्ज की।

Please follow and like us:

khelnewz

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *