प्रदेश शतरंज संघ के तत्वाधान तथा आल इंडिया चेस फेडरेशन के निर्देशन में चीफ मिनिस्टर 45वीं राष्ट्रीय ट्रॉफी पुरुष एवं 23वीं राष्ट्रीय महिला शतरंज चैंपियनशिप के आयोजन हेतु प्रदेश शतरंज संघ के पदाधिकारी एवं आयोजन समिति की अध्यक्ष विधायक श्रीमती भावना बोहरा के नेतृत्व में संघ के पदाधिकारी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट किये.
मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ ट्रॉफी के नाम से उक्त प्रतिष्ठित चैंपियनशिप रायपुर में आगामी 16 से 22 मार्च तक आयोजित करने की जानकारी देते हुए आयोजन के संबंध में पदाधिकारियों ने विस्तृत चर्चा किये। विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री श्री साय को चैंपियनशिप के मुख्य संरक्षक के दायित्व हेतु आग्रह किया, जिसे मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वीकार करते हुए अपनी सहमति प्रदान की ।

आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने कहा कि यह गौरव का विषय है कि छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित शतरंज चैंपियनशिप आयोजित हो रही है, जिससे छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान और मंच मिलेगा.
राज्य सरकार के नेतृत्व में खेलों को निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है,जिससे युवाओं में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ है। श्रीमती बोहरा ने विश्वास जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से निश्चित ही यह आयोजन ऐतिहासिक एवं सफल होगा ।
इस अवसर पर अखिल भारतीय शतरंज महासंघ के उपाध्यक्ष एवं प्रदेश शतरंज संघ के अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंघानिया विशेष रूप से उपस्थित थे साथ ही प्रदेश शतरंज संघ के सह सचिव ईश्वर सिंह राजपूत, कार्यकारिणी सदस्य दीपांकर सेन गुप्ता, इंटरनेशनल आर्बिटर अनीस अंसारी, सीनियर नेशनल आर्बिटर अनिल शर्मा शामिल थे।
