
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के निर्देशानुसार जिला संघ द्वारा जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन आईटीआई मैदान, रामपुर में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न ब्लॉकों एवं स्कूलों की टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बालक एवं बालिका वर्ग में कुल 90 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में जैन पब्लिक स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि पीडब्लूडी स्कूल की टीम उपविजेता रही। वहीं बालिका वर्ग में पीडब्लूडी स्कूल की टीम विजेता बनी तथा जैन पब्लिक स्कूल की बालिका टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में अजगरबहार तहसीलदार डॉ रवि शंकर राठौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व पार्षद पालू राम सालू, जैन पब्लिक स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर यश शर्मा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।मुख्य अतिथि तहसीलदार डॉ रवि शंकर राठौर ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।

कार्यक्रम में जिला नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष खुशबू राठौर ने एसोसिएशन की गतिविधियों एवं जिले में नेटबॉल के विकास की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन द्वारा जिले में खिलाड़ियों को निरंतर प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार हिस्सा लेकर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों की टीमों से कुल 90 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जो जिले में नेटबॉल के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करते हुए आने वाली राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन कोरबा की सचिव ज्योति चौहान, जॉइंट सेक्रेटरी इसिता सारथी, वाइस प्रेसिडेंट सावित्री मरावी सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं वरिष्ठ खिलाड़ी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में एसोसिएशन की अध्यक्ष खुशबू राठौर ने ऑब्जर्वर की भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में जिला एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सनी कुमार केवट ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।


