
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता एवं चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला नेटबॉल एसोसिएशन द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को खोखरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।प्रतियोगिता में जिले के पांच ब्लॉक एवं दो शहरी क्षेत्रों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में लगभग 120 खिलाड़ियों ने अपनी सहभागिता निभाई। खिलाड़ियों के बीच लीग-कम-नॉकआउट पद्धति से मुकाबले खेले गए।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में जांजगीर ने चांपा को 10-08 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं पुरुष वर्ग के फाइनल में भी जांजगीर की टीम ने चांपा को 22-14 से पराजित कर विजेता का खिताब हासिल किया।तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबलों में नवागढ़ एवं बम्हनीडीह की टीमें क्रमशः तीसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग पुष्पा कोरी दिवाकर द्वारा विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सीनियर स्पोर्ट्स टीचर अशोक साहू, स्पोर्ट्स टीचर राकेश राजपूत, नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के ज्वाइंट सेक्रेटरी एवं नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के महासचिव राजेश राठौर, जिला एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल तिवारी, कोषाध्यक्ष संस्कार द्विवेदी, उपाध्यक्ष राजेश पांडे, आशुतोष पांडे, अमन राव, अविनाश राठौर, सुशील साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष अनिल तिवारी ने कहा कि जिले में नेटबॉल खेल को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से नई प्रतिभाओं को अवसर मिल रहा है और जिले के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

