Sport News

KHELNEWZ DHAMTARI DESK क्रीड़ा भारती द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग कार्यक्रम का किया गया आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय योग के दो दिवस पूर्व क्रीड़ा भारती, जिला धमतरी द्वारा भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को योग एवं खेलों से जोड़कर स्वस्थ एवं जागरूक समाज का निर्माण करना था।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, नर्सिंग कॉलेजों तथा पुलिस विभाग के प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग के महत्व को आत्मसात किया तथा नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पं. राजेश शर्मा उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता क्रीड़ा भारती के प्रांतीय मंत्री सुमित उपाध्याय ने की। कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष लक्ष्मण लाल साहू, ननकू महाराज, टिकेश्वर निर्मलकर सहित अनेक अतिथियों की उपस्थिति रही।

योग प्रशिक्षण एवं योगाभ्यास का संचालन योगाचार्य डॉ. दिनेश नाग एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं योग के वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्यवर्धक लाभों की जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम का मंच संचालन अंतर्राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी सुश्री हर्षा साहू द्वारा किया गया। अपने उद्बोधन में अतिथियों ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित एवं आत्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निर्माण होता है और स्वस्थ मन ही एक सशक्त एवं समृद्ध समाज की आधारशिला है।”

कार्यक्रम के दौरान सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों को क्रीड़ा भारती जिला धमतरी की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही कार्यक्रम में सहयोग देने वाली विभिन्न संस्थाओं, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों को स्मृति-चिन्ह (मोमेंटो) देकर सम्मानित किया गया।

क्रीड़ा भारती धमतरी जिला की संपूर्ण टीम, कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं के सामूहिक प्रयास से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को योग एवं खेलों से जोड़ना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान के लिए प्रेरित करना रहा।

Please follow and like us:

khelnewz

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *