
जिले में खेलों को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण युवाओं में खेल की भावना जागृत करने के लिए जिलाधीश देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन से मुख्यकार्यपालन अधिकारी एवं जिला खेल अधिकारी एम. भार्गव ने 4 अक्टूबर को स्थानीय इंडोर स्टेडियम मे आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ग्राम टिकनपाल के खिलाड़ियो को अभ्यास के लिए आधुनिक कबड्डी मैट प्रदान किया।
इस अवसर पर विधायक श्री चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, जनपद कुआकोण्डा अध्यक्ष सुकालू मुड़ामी एवं सरपंच टिकनपाल एवं अन्य ग्राम पंचायत के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे, साथ ही जिले के कई प्रशासनिक अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। गौरतलब है कि इस योजना के तहत इससे पूर्व ग्राम चिकपाल और ग्राम बैंगलोर मे भी कबड्डी मैट उपलब्ध कराए जा चुके हैं। ग्राम पंचायत सूरनार एवं ग्राम पंचायत दुगेली को भी कबड्डी मैट प्रदाय किया जाना प्रस्तावित है।
इस दौरान विधायक महोदय ने बताया कि इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत मेटापाल, ग्राम पंचायत बारसूर, ग्राम पंचायत बड़े तुमनार, ग्राम पंचायत कासोली जैसे बड़े ग्राम पंचायतो को भी कबड्डी मैट प्रदान किया जायेगा. जिला प्रशासन ने यह आश्वस्त किया है कि भविष्य मे भी इस परियोजना के तहत जिले के अन्य जरूरतमंद गांवों में खेल सामग्री का वितरण किया जाएगा, ताकि ग्रामीण अंचलों में खेलों को निरंतर आगे बढ़ाया जा सके। कार्यक्रम के अंत मे प्रदीप सिंह सहायक खेल अधिकारी के द्वारा सभी सम्मानित अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
