chess

KHELNEWZ RAIPUR DESK छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ का विशेष आम सभा राजधानी में हुआ संपन्न

छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ की विशेष आम सभा की बैठक रविवार, 4 अक्टूबर को प्रदेश शतरंज संघ के कार्यालय, बी.एस. जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के कोषाध्यक्ष प्रदीप दास ने किया।

बैठक में विभिन्न जिलों से उपस्थित जिला संघों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के समक्ष संघ के महासचिव विनोद राठी द्वारा निर्धारित एजेंडों को क्रमवार प्रस्तुत किया गया। एजेंडों पर विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित एवं अनुमोदित किए गए।

बैठक के प्रमुख एजेंडे

1. दिनांक 25 जून 2023 को आयोजित विशेष वार्षिक आम सभा की बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई।

2. वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट पर विचार-विमर्श कर उसका अनुमोदन किया गया।

3. वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 के लेखापरीक्षित लेखा विवरण पर विचार कर उसे अनुमोदित किया गया।

4. वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट पर विचार-विमर्श कर उसे मंजूरी प्रदान की गई।

5. वर्ष 2026-27 के लिए लेखा परीक्षकों की नियुक्ति एवं उनके पारिश्रमिक निर्धारण पर निर्णय लिया गया।

6. वर्ष 2027-28 के वार्षिक खेल कैलेंडर को अंतिम रूप देने पर चर्चा की गई।

7. राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम 2025 के अनुरूप छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के संविधान एवं उपनियमों में आवश्यक संशोधन पर चर्चा कर निर्णय लिया गया।

8. शासकीय निर्देशों के अनुरूप संबद्ध जिला इकाइयों के फर्म्स एवं सोसायटी में पंजीयन तथा जीवित पंजीयन के संबंध में चर्चा की गई।

9. वर्ष 2026-30 की अवधि के लिए नए शासी निकाय के गठन हेतु आगामी चुनाव की तिथि निर्धारित करने, निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति पर चर्चा की गई।

आगामी चुनाव एवं नई कार्यकारिणीबैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नवंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में आम सभा आयोजित कर नई जनरल बॉडी/शासी निकाय के गठन की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। जिला इकाइयों के पंजीयन पर जोरमहासचिव श्री राठी ने सभी जिला शतरंज संघों को निर्देशित किया कि जिन जिला इकाइयों का फर्म्स एंड सोसायटी में पंजीयन नहीं हुआ है अथवा जिनका पंजीयन जीवित नहीं है, वे अक्टूबर 2026 के भीतर अनिवार्य रूप से पंजीयन/नवीनीकरण की प्रक्रिया पूर्ण करें।

पंजीयन प्रक्रिया के संबंध में संयुक्त सचिव शशांक शेन्डे तथा ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित माननीय अशोक दुबे ने विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की और पदाधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिला इकाइयों का अभिनंदन

छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ की परंपरा के अनुरूप प्रदेश एवं जिला स्तर पर शतरंज के विकास, आयोजन एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने में उल्लेखनीय योगदान करने वाली जिला एवं संभागीय इकाइयों को सम्मानित करने की घोषणा की गई।

इस क्रम में निम्नलिखित इकाइयों के नाम घोषित किए गए—बेस्ट जिला — मुंगेली जिला शतरंज संघ

सर्वाधिक राज्य चयन स्पर्धा आयोजन — दुर्ग जिला शतरंज संघ

सर्वाधिक रेटेड टूर्नामेंट आयोजन — सरगुजा डिविजन

बेस्ट डिविजन — बस्तर जिला शतरंज संघ

रायपुर में लगातार आयोजन हेतु बेस्ट रायपुर— रायपुर जिला शतरंज संघ

इन सभी जिला एवं संभागीय इकाइयों के पदाधिकारियों को अध्यक्ष प्रदीप दास द्वारा बुके भेंट कर अभिनंदन किया गया। संबंधित इकाइयों को आगामी आम सभा में मोमेंटो प्रदान कर औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।

द्वितीय सत्र : खुला मंच

बैठक के प्रथम सत्र में निर्धारित एजेंडों पर चर्चा एवं निर्णय की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात लंच ब्रेक लिया गया। इसके उपरांत द्वितीय सत्र खुले मंच के रूप में आयोजित किया गया।इस दौरान जिला इकाइयों के पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न एवं सुझाव रखे। सभी प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का विस्तारपूर्वक समाधान महासचिव विनोद राठी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर मंच पर प्रदीप दास, महासचिव विनोद राठी, उपाध्यक्ष सुश्री किरण अग्रवाल, संयुक्त सचिव विकास शर्मा एवं राज्य सचिव हेमंत खुटे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त सचिव सुबोध कुमार सिंह ने किया तथा आभार प्रदर्शन राज्य सचिव हेमंत खुटे द्वारा किया गया।

प्रथम सत्र की समाप्ति के पश्चात जिला शतरंज संघ दंतेवाड़ा के दिवंगत अध्यक्ष लतीफ जी तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ की मार्गदर्शक एवं समाजसेवी श्रीमती निर्मला राठी जी के निधन पर उपस्थित सदस्यों द्वारा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

बैठक में उपस्थित सभी जिला शतरंज संघों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया। बैठक में लिए गए सभी निर्णयों एवं प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया तथा निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप आगामी कार्यवाही सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।

Please follow and like us:

khelnewz

About Author