संजू देवी मूलतः जिला कोरबा के जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र के ग्राम बेलाकछार की रहने वाली हैं। प्रारंभिक रूप से संजू ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली ग्रामीण आमंत्रण प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व किया करती थी, इन प्रतियोगिताओं में जिले के अन्य क्लबों की टीम भी भाग लिया करती थी।
मौजूदा समय में प्रोफेशनल मंच पर कबड्डी के दाव पेंच व तकनीक को सही ढंग से सीखे बिना बड़े लेवल पर परफॉर्म नहीं किया जा सकता था. इस दौरान वर्ष 2021 में जिला कोरबा में कबड्डी क्लब का संचालन करने वाले कोरबा जिला कबड्डी संघ सचिव अनुज प्रताप सिंह ने संजू देवी की प्रतिभा को पहचाना तथा उसे ज्योति क्लब दर्री में निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ ही उनके लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई और यहाँ से ग्रामीण खिलाड़ी संजू का सफर भारतीय खिलाड़ी संजू देवी के लिए प्रारंभ हुआ।

कोच अनुज ने उनके एडवांस ट्रेनिंग पर ध्यान दिया. संजू ने भी कोच द्वारा सिखाये तकनीक को बारीकी से समझते हुए अपने खेल में उत्तरोक्तर सुधार किया. छत्तीसगढ़ शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग खेलों के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहा है।
राज्य में खेलों के विकास के लिए जिला बिलासपुर स्थित स्व. बी. आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई में राज्य की पहली आवासीय खेल अकादमी प्रारंभ की गई, जिसमें पहले खेलो इंडिया योजना के तहत तीरंदाजी, हाॅकी एवं एथलेटिक खेल हेतु आवासीय अकादमी प्रारंभ की गई उसके पश्चात वर्ष 2023-24 में बालिकाओं हेतु आवासीय कबड्डी अकादमी प्रारंभ की गई।

अकादमी में खिलाड़ियों को अत्याधुनिक प्रशिक्षण के साथ निःशुल्क आवासीय सुविधा, शिक्षा, जिम, फिजियोथेरेपी आदि सुविधा उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिसमे संजू देवी उक्त अकादमी में आगे की ट्रेनिंग के लिए वहा पहुंची. अकादमी के प्रशिक्षक दिल कुमार राठौर है.

अकादमी प्रारंभ होने के पश्चात से ही कबड्डी के खिलाड़ियों ने तीनों वर्गों सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग की राज्य चैम्पियनशिप में विजेता का खिताब अपने नाम किया। वर्ष 2023-24 से खिलाड़ी संजू देवी ने राज्य स्तर पर अकादमी की ओर से अपना प्रतिनिधित्व प्रारंभ किया और इस दौरान उनके द्वारा अर्जित उपलब्धियाँ निम्नानुसार हैं –
1. राज्य सीनियर चैम्पियनशिप 2023-24 गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही – विजेता
2. सीनियर नेशनल चैम्पियनशिप 2023-24 हरियाणा – प्रतिनिधित्व
3. ईस्ट जो़न इंटरयूनिवर्सिटी कबड्डी चैम्पियनशिप 2023-24 पं. बंगाल – कांस्य पदक
4. आल इंडिया इंटरयुनिवर्सिटी कबड्डी चैम्पियनशिप 2023-24 – प्रतिनिधित्व
5 ईस्ट जो़न इंटरयूनिवर्सिटी कबड्डी चैम्पियनशिप 2024-25 रायपुर. छ.ग. – कांस्य पदक
6. आल इंडिया इंटरयूनिवर्सिटी कबड्डी चैम्पियनशिप 2024-25 पंजाब – प्रतिनिधित्व एवं खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स हेतु क्वालीफाई
7. सीनियर नेशनल चैम्पियनशिप 2024-25 हरियाणा – प्रतिनिधित्व
सीनियर नेशनल चैम्पियनशिप 2024-25 हरियाणा में संजू देवी के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें दिनांक 19 फरवरी से 01 मार्च 2025 तक आयोजित भारतीय दल के कैम्प में सम्मिलित किया गया। भारतीय दल हेतु आयोजित कैम्प में संजू देवी के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें ईरान की राजधानी तेहरान में 04 से 09 मार्च 2025 तक आयोजित एशियन कबड्डी चैम्पियनशिप हेतु चयनित हुई । जहाँ नेपाल, थाईलैण्ड, ईरान, इराक, बांग्लादेश, पाकिस्तान, श्रीलंका, मलेशिया जैसी टीमों ने भाग लिया। इस स्पर्धा में भारतीय टीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया.
संजू देवी के बेहतरीन प्रदर्शन से भारत ने जीता द्वितीय महिला कबड्डी विश्वकप
बांगलदेश के ढाका में दिनांक 17 से 24 नवम्बर 2025 तक आयोजित द्वितीय महिला कबड्डी विश्व कप 2025 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में चाइनीज ताइपे को हराकर इतिहास रच दिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने चाइनीज ताइपे को 35-28 से पराजित कर लगातार दूसरे विश्व कप में विजेता बनने का गौरव हासिल किया है।
गौरतलब है कि, भारत के लिए विश्वकप का यह सफर ऐतिहासिक रहा है, जहाँ पूल मैच में भारतीय महिला दल ने अपने सभी पूल मैच जीतकर सेमीफाईनल में प्रवेश किया और ईरान जैसी मजबूत मानी जाने वाली महिला कबड्डी टीम को 33-21 से हराया और फाईनल में बेहद फुर्तीली चाईनीज़ ताईपे को 35-28 से हराकर विश्वकप अपने नाम किया।
छत्तीसगढ़ की संजू देवी रही प्लेयर आफ द टूर्नामेंट
छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष के इतिहास में यह प्रथम अवसर रहा जब राज्य के किसी भी कबड्डी खिलाड़ी ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया। मार्च 2025 में ही संजू देवी ने ईरान में आयोजित 6वीं महिला एशियन कबड्डी चैम्पियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया और कबड्डी वल्र्डकप के लिए क्वालीफाई किया। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बिलासपुर में संचालित बालिका आवासीय कबड्डी अकादमी की संजू देवी ने वल्र्डकप के पहले मैच से ही अपने मंसूबे बता दिए कि, न सिर्फ वह कबड्डी वल्र्डकप हासिल करेंगी बल्कि इस पूरे टूर्नामेंट में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करेंगी, इसी का नतीजा रहा कि, उन्हें इस पूरे टूर्नामेंट में उनके द्वारा किये गये शानदार प्रदर्शन के लिए “प्लेयर आफ द टूर्नामेंट” चुना गया।

लगातार सभी मैचों में संजू देवी ने अपने शानदार प्रदर्शन से बता दिया कि, अब उनकी रफ्तार यहीं नहीं रूकने वाली है। संजू देवी के शानदार प्रदर्शन से भारत ने अपने पूल के अपने पहले मुकाबले में थाईलैण्ड को 65-20, बांग्लादेश को 43-18, जर्मनी को 63-22, युगाण्डा को 51-16 से हराकर सेमीफाईनल में प्रवेश किया। सेमीफाईनल में भारत का मुकाबला मजबूत ईरानी टीम से हुआ जिसमें एक समय भारत और ईरान एक दूसरे को कड़ी टक्कर दे रहे थे, तभी संजू देवी ने पहले दो रेड असफल होने के बाद अपने सभी रेड में अंक हासिल किया तथा रक्षण में भी एक खिलाड़ी को डैश कर भारत को सेमीफाईनल मैच 33-21 के अंतर से जीत दिलाने में अपना अहम योगदान दिया।
फाईनल मुकाबले में संजू देवी के चौके से मिली भारत को बढ़त

24 नवंबर 2025 को खेले गए फाईनल मैच में टूर्नामेंट की सबसे फुर्तीली टीम चाईनीज़ ताईपे ने टाॅस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया, जिस पर संजू देवी ने मैच के पहले ही रेड से 1 अंक हासिल कर बता दिया कि, अब वह वल्र्डकप जीतकर ही आराम करेंगी। इस मुकाबले में एक दौर ऐसा भी था, जब दोनों ही टीमें बराबरी पर थीं, तभी संजू देवी ने एक साथ 4 खिलाड़ियों को पटखनी देकर चार अंक हासिल किया और भारत की बढ़त बनाई, और यह बढ़त भारत के लिए इतना अहम साबित हुआ कि, भारतीय महिला कबड्डी दल ने लगातार दूसरी बार महिला कबड्डी का वल्र्डकप अपने नाम कर लिया। फाईनल मुकाबले में संजूदेवी ने कुल 16 अंक रेड के माध्यम से हासिल किये।

किसी भी खिलाड़ी के सर्वोच्च प्रदर्शन के पीछे राज्य संघ का महत्वपूर्ण योगदान रहता है. छत्तीसगढ़ प्रदेश कबड्डी संघ ने संजू देवी को प्रत्येक सफलता को अर्जित करने की दिशा में उनका हर स्तर पर साथ देते हुए उन्हें भारत के टॉप प्लेयर्स की सूची में शामिल होने में अपनी भूमिका को निभाते रहे.

18 अप्रैल को छत्तीसगढ़ शासन ने उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के पहल पर खेल व युवा कल्याण विभाग राजधानी में आयोजित गरिमा पूर्ण कार्यक्रम में 50 लाख के नकद पुरस्कार से सम्मान किया. कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत बघेल व महासचिव प्रदीप यादव ने राज्य शासन के इस पहल को ह्रदय से आभार व्यक्त करते हुए आगामी सितम्बर 2026 जापान में आयोजित कबड्डी की एशियाड प्रतियोगिता में भी संजू भारत का झंडा अवश्य बुलंद करने में कामयाब होंगी.
