
राष्ट्रीय नेटबॉल चैंपियनशिप की तैयारियों के तहत 11 अक्टूबर को राजधानी के सप्रे नेटबॉल ग्राउंड में ज़ोन के प्रारंभिक चयन ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें रायपुर, गरियाबंद एवं महासमुंद जिले के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
छत्तीसगढ़ नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में प्रदेश के सातों जोन में प्रारंभिक चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं।जिला एसोसिएशन के सचिव अनूप यदु ने बताया कि वर्तमान में नेटबॉल के प्रति खिलाड़ियों का रुझान लगातार बढ़ रहा है और प्रदेश में प्रतिभाशाली खिलाड़ी उभरकर सामने आ रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए चयन प्रक्रिया को अधिक सख्त बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि चयन के दौरान सर्वप्रथम खिलाड़ियों का फिजिकल टेस्ट लिया जाता है। शारीरिक परीक्षण में सफल होने वाले खिलाड़ियों के खेल कौशल, फिटनेस, तकनीक एवं मैदान पर प्रदर्शन का बारीकी से आकलन किया जाता है। इन सभी मानकों पर खरा उतरने वाले खिलाड़ियों को ही आगे चयन का अवसर मिलता है।
एसोसिएशन द्वारा चयनित खिलाड़ियों के लिए 14 अक्टूबर से 3 नवंबर तक प्रथम प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की तैयारी भी की गई है। इस शिविर के माध्यम से खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा। निर्धारित नियमों के अनुसार एनएफआई में पंजीकृत खिलाड़ियों को ही प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

