Hockey

KHELNEWZ RAIPUR DESK छत्तीसगढ़ हॉकी लीग चयन ट्रायल के बाद 130 खिलाड़ी हुए शॉर्टलिस्ट, 8 अक्टूबर को रायपुर में होगा प्लेयर ड्राफ्ट

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए आयोजितदो दिवसीय चयन ट्रायल आज रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में संपन्न हुआ। ट्रायल के लिए कुल 373 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 223 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

दो दिवसीय चयन प्रक्रिया और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के मूल्यांकन के बाद 130 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने चयन ट्रायल में हिस्सा लिया और लीग के पहले सीजन में जगह बनाने के लिए अपना प्रदर्शन प्रस्तुत किया। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों के खेल कौशल, प्रदर्शन और निर्धारित मानकों के आधार पर उनका मूल्यांकन किया गया।

उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन ट्रायल स्थल पहुंचे। उन्होंने मैदान पर खिलाड़ियों का खेल देखा, उनसे मुलाकात की और उन्हें अपने खेल को और निखारने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को यह भी प्रोत्साहित किया कि वे निरंतर अभ्यास और मेहनत के माध्यम से अपने खेल को बेहतर बनाते रहें।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने कहा, “छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए आयोजित चयन ट्रायल का सफल समापन राज्य की हॉकी प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।373 खिलाड़ियों का पंजीकरण और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से खिलाड़ियों की भागीदारी यह दर्शाती है कि राज्य में हॉकी को लेकर उत्साह और प्रतिभा दोनों मौजूद हैं।

130 खिलाड़ियों का शॉर्टलिस्ट होना इस प्रक्रिया का एक अहम परिणाम है। अब इन खिलाड़ियों को प्लेयर ड्राफ्ट के माध्यम से लीग कीछह टीमों का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा। हमारी सरकार का उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धी माहौल, आवश्यक अनुभव और आगे बढ़ने के अवसर मिलें। मैं सभी शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों को आगामी ड्राफ्ट और लीग के लिए शुभकामनाएँ देता हूँ तथा अन्य सभी खिलाड़ियों से भी निरंतर अभ्यास करते रहने का आग्रह करता हूँ।

“इस मौके पर श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो संचालक, खेल एवं युवा कल्याण भी उपस्थित थीं। चयन ट्रायल का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया गया। ट्रायल की सम्पूर्ण प्रक्रिया छत्तीसगढ़ हॉकी द्वारा निर्धारित नियमों एवं मापदंडों के अनुसार संचालित की गई।

छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव ने कहा, “किसी भी हॉकी खिलाड़ी के लिए इससे बड़ा प्रोत्साहन और क्या होगा कि प्रदेश के खेल मंत्री लगातार दो दिन स्वयं मैदान पर आकर उनका हौसला बढ़ाएं। छत्तीसगढ़ हॉकी की ओर से मैं उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिनकी दूरदर्शी सोच और व्यक्तिगत रुचि से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग साकार हो रही है। बस्तर सेसरगुजा तक इन ट्रायल को मिला उत्साह बताता है कि हॉकी छत्तीसगढ़ के दिल में बसती है। इन दो दिनों मैदान पर उतरे हर खिलाड़ी ने प्रदेश का मान बढ़ाया है। जिनका नाम इस बार सूची में नहीं आया, उनसे मैं कहूंगा कि अभ्यास जारी रखें। यह तो लीग का पहला सीजन है, आपका मौका भी ज़रूर आएगा।”

दो दिवसीय चयन ट्रायल का आयोजन हॉकी छत्तीसगढ़ द्वारा किया गया, जिसमें हॉकी छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, हॉकी इंडिया के संयुक्त सचिव फिरोज अंसारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी दीन प्रसाद पटेल, रॉयपुर की वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक श्रीमती रोश्म संध्या एक्का, बिलासपुर के वरिष्ठ हॉर्की प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे, राजनांदगांव से अनुराग श्रीवास्तव तथा वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी अमिताभ मानिकपुरी उपस्थित रहे।

चयन प्रक्रिया के पूरा होने के साथ अब लीग के पहले सीजन के लिए टीम गठन की दिशा में अगला महत्वपूर्ण चरण सीएचएल प्लेयर ड्राफ्ट होगा। 8 अक्टूबर को रायपुर में आयोजित होने वाले इस ड्राफ्ट मैं शॉर्टलिस्ट किए गए 130 खिलाड़ी शामिल होंगे, जिसके माध्यम से छह फ्रेंचाइज़ी टीमें अपने-अपने खिलाड़ी दल का चयन करेंगी। इसके बाद लीग के पहले सीजन के लिए टीमों के खिलाड़ी दल को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Please follow and like us:

khelnewz

About Author