
राजधानी स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र से दो तीरंदाजों का चयन विदेश में अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में खुशी श्रीवास्तव (रिकर्व स्पर्धा) और अनुज कुमार यादव (कम्पाउंड इवेंट) शामिल हैं। ज्ञात हो की दोनों खिलाड़ी आगामी अक्टूबर-नवंबर माह में तुर्की के अंताल्या शहर में अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए जाएंगे.
दोनों खिलाड़ियों का अप्रैल 2024 में STC रायपुर में इंडक्शन हुआ था। तब से वे प्रशिक्षक सतीश दुबे की देखरेख में निरंतर अभ्यास कर रहे हैं। खुशी विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता रह चुकी हैं और अनुज यादव दो वर्षो से राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिता में भाग ले चुके है।
भारतीय खेल प्राधिकरण के उत्कृष्ट केंद्र सोनीपत में 14 से 15 सितंबर तक फॉरेन एक्सपोजर इंटरनेशनल ट्रेनिंग के लिए टीम का चयन किया गया, जिसमें रायपुर केंद्र के ये दोनों खिलाड़ी चयनित हुए हैं. अनुज फिलहाल प्रतीक्षा सूची में शामिल हैं।
इस उपलब्धि पर संस्था की डिप्टी डायरेक्टर ओलंपियन सुश्री गरिमा चौधरी ने दोनों खिलाड़ियों और प्रशिक्षक को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षकों द्वारा दी गई ट्रेनिंग और खिलाड़ियों की अनुशासित, लगन भरी मेहनत का ही परिणाम है।

