राजधानी के स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित 45वीं NTPC जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आज भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर इंडियन राउंड के विजेता खिलाड़ियों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

नौ दिनों तक चली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभावान तीरंदाजों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, भाजपा उपाध्यक्ष नंदन जैन, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के जनरल डायरेक्टर मयंक श्रीवास्तव, शरद शुक्ला सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत से ज्यादा भागीदारी का महत्व होता है। जो खेलते नहीं, वे न जीतते हैं न हारते हैं। उन्होंने तीरंदाजी को भारत का प्राचीन और धरोहर खेल बताते हुए सफल आयोजन के लिए आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका और उनकी पूरी टीम को बधाई दी।

आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में 45वीं जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का सशक्त माध्यम बनेंगी। उन्होंने खिलाड़ियों, कोचों और खेल प्रशासकों द्वारा आयोजन की व्यवस्थाओं और खेल भावना की भी सराहना की।
पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश का दबदबा
पुरुष इंडियन राउंड की 30 और 40 मीटर स्पर्धाओं में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार निरंतरता दिखाई। 40 मीटर पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश के शुभम ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि असम के श्याम कानू राभा को सिल्वर और उत्तर प्रदेश के मनीष को ब्रॉन्ज मेडल मिला। 30 मीटर पुरुष वर्ग में भी शुभम (उत्तर प्रदेश) ने गोल्ड जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। सिल्वर रणविजय यादव (उत्तर प्रदेश) और ब्रॉन्ज चंदरमोहन सोरेन (झारखंड) के खाते में गया। पुरुष इंडिविजुअल एलिमिनेशन राउंड में असम के श्याम कानू राभा ने गोल्ड मेडल हासिल किया। छत्तीसगढ़ के विक्रम राज को सिल्वर और झारखंड के कुलदीप महतो को ब्रॉन्ज मेडल मिला, जो मेज़बान राज्य के लिए भी गर्व का क्षण रहा।
महिला वर्ग में झारखंड और राजस्थान का शानदार प्रदर्शन
महिला वर्ग में झारखंड और राजस्थान की तीरंदाजों ने मजबूत दावेदारी पेश की। 40 मीटर महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश की वेदाक्षी तोमर ने गोल्ड जीता, जबकि झारखंड की बेबी कुमारी को सिल्वर और लक्ष्मी कुमारी (झारखंड) को ब्रॉन्ज मेडल मिला। 30 मीटर महिला वर्ग में राजस्थान की प्रतिभा कंडारा ने गोल्ड पर निशाना साधा। असम की हिमानी बसुमतारी को सिल्वर और झारखंड की बेबी कुमारी को ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त हुआ। महिला इंडिविजुअल एलिमिनेशन राउंड में भी राजस्थान की प्रतिभा कंडारा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। हरियाणा की पायल को सिल्वर और झारखंड की बेबी कुमारी को ब्रॉन्ज मेडल मिला।
