राजधानी के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित 45वीं NTPC राष्ट्रीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 22 से 30 दिसंबर तक आयोजित की गई, जिसमें देशभर के एक हजार से अधिक प्रतिभाशाली जूनियर तीरंदाजों ने भाग लिया।

आर्चरी एसोसियशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका ने बताया कि यह प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की गई है, जिनमें रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड शामिल हैं। कल समापन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, संजय श्रीवास्तव अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन, नंदन जैन प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा, मयंक श्रीवास्तव उप महानिदेशक भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), ओमी बगड़िया वरिष्ठ उद्योगपति सहित कई विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी रहेगी।
इंडियन राउंड के पहले दिन यूपी, झारखंड और असम के तीरंदाजों का दबदबा
इंडियन राउंड स्पर्धा के पहले दिन देश के उभरते तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष और महिला वर्ग में कई खिलाड़ियों ने उच्च स्कोर के साथ फाइनल मुकाबलों में अपनी जगह सुनिश्चित की।पुरुष वर्ग (40 मीटर दूरी) में उत्तर प्रदेश के शुभम ने 360 में से 351 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। असम के श्याम कानू राभा ने 344 अंकों के साथ दूसरा और उत्तर प्रदेश के मनीष ने 343 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
30 मीटर दूरी में भी शुभम ने निरंतरता दिखाते हुए 348 अंकों के साथ शीर्ष स्थान बरकरार रखा, जबकि उत्तर प्रदेश के रणविजय यादव और झारखंड के चंद्रमोहन सोरेन क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।महिला वर्ग (40 मीटर दूरी) में उत्तर प्रदेश की वेदाक्षी तोमर ने 333 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। झारखंड की बेबी कुमारी 332 अंकों के साथ दूसरे और लक्ष्मी कुमारी 329 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। 30 मीटर दूरी में राजस्थान की प्रतिभा कंदारा ने 334 अंकों के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि असम की हिमानी बसुमतारी और झारखंड की बेबी कुमारी ने संयुक्त रूप से दमदार प्रदर्शन किया।

