छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित राज्य अंडर-11 फिडे रेटेड शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ा तालाब, में किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय स्तर (FIDE Rated) की है। प्रतियोगिता में प्रदेश के 15 जिलों से आए 105 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 78 बालक एवं 27 बालिकाएं शामिल हैं।
सरगुजा एवं दंतेवाड़ा जैसे दूरस्थ जिलों से खिलाड़ियों की सहभागिता राज्य में शतरंज के बढ़ते विस्तार और लोकप्रियता का प्रमाण है। प्रतियोगिता में कुल 20 अंतरराष्ट्रीय वरीयता प्राप्त खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिससे प्रत्येक दौर में उच्च स्तरीय मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
यह प्रतियोगिता कुल 8 चक्रों में खेली जा रही है, जिसमें से आज 4 चक्र सफलतापूर्वक संपन्न हुए। चार चक्रों की समाप्ति के बाद चंवीर सिंह, वी. विराट अय्यर, भव्यम झावर, सावी गौरी एवं राजवीर अजवानी 4-4 अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं।

अनिरुद्धी अनंत एवं निशांत साहू 3.5-3.5 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।वहीं 3 अंकों के साथ पलाक्ष यादव, अरमान उभरानी, शिवांश सिंह ठाकुर, तारिणी मोक्ष आचारी, तुषार यादव, सर्वेश लिलहारे, ACM आर्यन राज डांगरे, AFM अक्षत राज डांगरे, अन्वित श्रीवास्तव, ACM अनिका रेड्डी गोलुगुरी, अर्णव गोयल, अरमान प्रतिक साहू, अपूर्व भार्गव, अथर्व तिवारी, अद्विक अग्रवाल, आकर्षी गुप्ता, अभिराज सोनी एवं आद्वित उपाध्याय शीर्ष खिलाड़ियों की दौड़ में बने हुए हैं।
आगामी चार चक्र में प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम और विजेताओं का फैसला होगा.इस प्रतियोगिता का महत्व इसलिए भी विशेष है क्योंकि बालक एवं बालिका वर्ग के शीर्ष दो-दो खिलाड़ी आगामी माह कर्नाटक में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय अंडर-11 शतरंज चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसी कारण प्रत्येक दौर में खिलाड़ियों के बीच कड़ा एवं रोमांचक संघर्ष देखने को मिल रहा है।
प्रतियोगिता के चीफ आर्बिटर अंतरराष्ट्रीय निर्णायक हर्ष शर्मा हैं, जिनके निर्देशन में प्रतियोगिता का संचालन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप किया जा रहा है।
