छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के तत्वावधान एवं स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन में 8 से 9 अगस्त तक राजधानी के स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में आयोजित राज्य चैम्पियनशिप का आज समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।
दो दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 62 खिलाड़ियों ने 06 विभिन्न वर्गों में हिस्सा लिया
प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 बालक-बालिका वर्गों के साथ पुरुष एवं महिला वर्ग में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। स्पर्धा नेशनल रैंकिंग के लिए भी महत्वपूर्ण रही, जिसमें खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय रैंकिंग अंक प्राप्त हुए।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि धनंजय नेताम, अपर कलेक्टर, रायपुर रहे। मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अंडर-13 बालक वर्ग में सूर्यांश ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि वेदार्थ उपविजेता रहे। फाइनल मुकाबला 9-11, 11-8, 12-10, 11-9 से सूर्यांश के पक्ष में रहा।
अंडर-15 बालिका वर्ग में योगिता ने विजेता का खिताब जीता तथा विधि उपविजेता रहीं। योगिता ने मुकाबला 11-0, 11-12, 11-1 से अपने नाम किया।
अंडर-19 बालक वर्ग में रोमांचक मुकाबले में जिनांश ने रेयांश को हराकर विजेता का खिताब जीता। मुकाबले का स्कोर 11-7, 8-11, 11-4, 6-11, 11-7 रहा।
अंडर-15 बालक वर्ग में जैवर्धन विजेता रहे, जबकि अपूर्व उपविजेता रहे। फाइनल मुकाबले में स्कोर 11-9, 4-11, 4-11, 2-11 रहा।
महिला वर्ग में अर्चिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राखी को 11-3, 11-1, 11-0 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
वहीं पुरुष वर्ग के फाइनल में रेयांश ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दिव्यम को 11-8, 11-4, 11-9 से हराकर पुरुष वर्ग का खिताब जीता।
समापन समारोह में डॉ. विष्णु कुमार श्रीवास्तव, संरक्षक, छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन, प्रवीण रिछारिया कार्यकारिणी सदस्य, संदीप गोविलकर जिला सचिव, राहुल साहू कोषाध्यक्ष, केशव कुमार जलक्षत्री, अवित कुजूर, श्रेयंशलाल, हिमांशु चक्रधारी सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, सदस्य, खिलाड़ी, प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

