छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-11 फिडे रेटेड शतरंज चैंपियनशिप का सफल समापन बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ा तालाब में हुआ।प्रतियोगिता के ओपन वर्ग में रायपुर के भव्यम झावर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 7 अंक अर्जित कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
दुर्ग के वी. विराट अय्यर 6½ अंक के साथ उपविजेता रहे, जबकि रायपुर के निशांत साहू भी 6½ अंक अर्जित कर तृतीय स्थान पर रहे। दुर्ग के चनवीर सिंह (6 अंक) चौथे, रायपुर के राजवीर अजवानी (6 अंक) पांचवें तथा दुर्ग के सर्वेश लिल्हारे (6 अंक) छठे स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग में रायपुर की सावी गौरी ने 7 अंक के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। रायगढ़ की अनिरुधि अनंत 6 अंक के साथ द्वितीय एवं रायपुर की अनिका रेड्डी गोलुगुरी 6 अंक के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। रायगढ़ की स्वरा बोरखाड़े (5½ अंक) चौथे, बिलासपुर की संबोधी सिंह (5 अंक) पांचवें तथा समायरा उभरानी (5 अंक) छठे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के परिणामों के आधार पर ओपन वर्ग से भव्यम झावर एवं वी. विराट अय्यर तथा बालिका वर्ग से सावी गौरी एवं अनिरुधि अनंत का चयन आगामी माह कर्नाटक में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय अंडर-11 शतरंज चैंपियनशिप के लिए हुआ, जहाँ वे छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

यह अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता थी, जिसमें प्रदेश के 15 जिलों से आए 105 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें 78 बालक एवं 27 बालिकाएं शामिल थीं। प्रतियोगिता में 20 फिडे रेटेड खिलाड़ियों की सहभागिता से प्रत्येक दौर में उच्च स्तरीय एवं रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता स्विस लीग पद्धति के अंतर्गत 8 चक्रों में खेली गई।
प्रतियोगिता के चीफ आर्बिटर अंतरराष्ट्रीय निर्णायक हर्ष शर्मा रहे, जिनके कुशल निर्देशन में प्रतियोगिता का संचालन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संपन्न हुआ। आर्बिटर पैनल में डेप्यूटी चीफ आर्बिटर आकांक्षा शर्मा एवं सुरेश होता के साथ वरिष्ठ राष्ट्रीय निर्णायक सद्दाम हुसैन तथा हेमा नागेश्वर ने उत्कृष्ट तकनीकी सहयोग प्रदान किया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शैलेन्द्र शुक्ला उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि योगेन्द्र शुक्ला रहे. समारोह में कैंडिडेट मास्टर विनोद शर्मा, सीजीएससीए मुख्यालय प्रभारी दीपांकर सेनगुप्ता भी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया.
