Sport News

KHELNEWZ RAIPUR DESK पहली बार आयोजित सरगुजा ओलंपिक को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह

3 लाख 49 हजार खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन

छत्तीसगढ़ शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के द्वारा सरगुजा संभाग में पहली बार सरगुजा ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के लिए निर्धारित पंजीयन अवधि 28 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक रखी गई थी, जिसमें सरगुजा संभाग के सभी जिलों, विकासखंडों से खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर पंजीयन कराया। अंतिम तिथि तक कुल 3,49,370 खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया है, जिनमें 1,89,658 महिला एवं 1,59,712 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में पंजीयन क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ते रुझान एवं जागरूकता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।

प्रतियोगिताओं की समय-सारणी

सरगुजा ओलंपिक 2026 का आयोजन सरगुजा संभाग के सभी जिलों सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया एवं मनेन्द्र-भरतपुर-चिरमिरी के सभी विकासखंडों में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 28 जनवरी से 3 फरवरी के मध्य आयोजित की जाएंगी। जिला मुख्यालयों में 5 से 10 फरवरी के बीच जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर में सम्पन्न होगा।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करना, युवाओं में खेल भावना का विकास करना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। युवाओं, महिलाओं और बच्चों की व्यापक भागीदारी से यह आयोजन एक सशक्त रूप लेता नजर आ रहा है।

ये खेल होंगे आयोजित

सरगुजा ओलंपिक के अंतर्गत विकासखंड स्तर पर एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल एवं रस्साकसी खेल शामिल है। हॉकी एवं कुश्ती के खिलाड़ी सीधे जिला स्तर पर प्रतिभाग करेंगे।

प्रशासन द्वारा प्रतियोगिताओं के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सरगुजा ओलंपिक निश्चित रूप से क्षेत्रीय खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने एवं भविष्य के राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।

Please follow and like us:

khelnewz

About Author