पं. रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी की फुटबॉल टीम ने दक्षिण पूर्व क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालयीन फुटबॉल प्रतियोगिता में टीम ने 25 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद शानदार जीत दर्ज करते हुए ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
सबसे महत्वपूर्ण और निर्णायक मैच में पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय का मुकाबला बेंगलुरु यूनिवर्सिटी से हुआ। इस रोमांचक मैच में रायपुर की टीम ने 5-2 के बड़े अंतर से जीत हासिल की। मैच के नायक नितेश लकड़ा और नील भूषण रहे, जिन्होंने 2-2 गोल दागकर टीम की जीत पक्की की। वहीं सौरभ विश्वकर्मा ने 1 गोल कर टीम के स्कोर को 5 तक पहुँचाया।

एक अन्य क्वालीफाइंग मैच में टीम ने मंगलौर यूनिवर्सिटी को भी 5-2 से पराजित किया था। पूरी प्रतियोगिता के दौरान टीम ने एक भी मैच नहीं हारा और अपने प्रतिद्वंद्वियों पर पूरी तरह हावी रही.25 साल बाद मिली इस बड़ी सफलता पर विश्वविद्यालय के कुलपति, खेल विभाग के प्रमुख, कोच और छात्रों में खुशी की लहर है। इस जीत के साथ ही टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह पक्की कर ली है।
