छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रही अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्क्वैश प्रतियोगिता ईस्टर्न स्लैम 2026 का उद्घाटन कल 22 जून को दोपहर 1:00 बजे स्क्वैश कॉम्प्लेक्स, बुढ़ापारा में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल श्री रमेन डेका होंगे.
स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया व छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के तत्त्वाधान में राज्य एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 22 से 27 जून तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता को एशियन स्क्वैश फेडरेशन सिल्वर स्टेटस, स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया 5-स्टार रैंकिंग टूर्नामेंट तथा प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन (PSA) एवं वर्ल्ड स्क्वैश फेडरेशन (WSF) सैटेलाइट मान्यता प्राप्त है।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 21 राज्यों से कुल 349 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं. जिनमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं। मेजबान छत्तीसगढ़ से 49 खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिता में कुल 12 वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के साथ-साथ सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग शामिल हैं।ईस्टर्न स्लैम खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग अंक अर्जित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
साथ ही यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्क्वैश मानचित्र पर स्थापित करने, राज्य में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा खेल पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
