जिले में शतरंज प्रतिभाओं को नया मंच देने के उद्देश्य से 1 फरवरी, रविवार को अंडर-19 राज्य स्तरीय एक दिवसीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन हाॅटल हरियाली हेरिटेज, नेताजी चौक, अकलतरा रोड, जांजगीर में किया जाएगा, जहां प्रदेशभर के उभरते शतरंज खिलाड़ी अपनी बौद्धिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष देवेंद्र राठौर एवं उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता तीन वर्ग मे संपन्न होगा जिसमे अंडर-10, अंडर-15 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं भाग लेंगे। सभी वर्गों में बालक-बालिकाएं एक साथ मुकाबला करेंगे, जबकि पुरस्कार पृथक-पृथक प्रदान किए जाएंगे।प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रातः 9 बजे किया जाएगा। इसके पश्चात 9.30 बजे से खिलाड़ियों की बैठक एवं पहला राउंड प्रारंभ होगा, जबकि सायं 5 बजे भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता 15 मिनट + 5 सेकंड इन्क्रीमेंट समय नियंत्रण के साथ रैपिड प्रारूप में खेली जाएगी।प्रतियोगिता में कुल ₹30,000 की आकर्षक नगद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। चौथे से छठवें स्थान तक खिलाड़ियों को विशेष उपहार दिए जाएंगे। साथ ही सर्वश्रेष्ठ यंगेस्ट खिलाड़ी, सर्वश्रेष्ठ जांजगीर-चांपा खिलाड़ी एवं दिव्यांग खिलाड़ी के लिए भी विशेष पुरस्कार रखे गए हैं। इसके साथ ही संभाग वार सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
प्रतियोगिता की खास बात यह है कि सभी प्रतिभागियों को मेडल एवं ई-प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे, वहीं 20 से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता वाले प्रथम तीन विद्यालयों को सर्वश्रेष्ठ विद्यालय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु प्रवेश शुल्क ₹400 निर्धारित किया गया है, जिसकी अंतिम तिथि 30 जनवरी 2026 है। 31 जनवरी को ₹200 विलंब शुल्क के साथ सायं 5 बजे तक प्रवेश स्वीकार किया जाएगा । यह प्रतियोगिता केवल छत्तीसगढ़ राज्य के खिलाड़ियों के लिए आयोजित की जा रही है।
