
छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में जूनियर एवं अंडर-23 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के चयन हेतु राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चयन प्रतियोगिता का आयोजन 04 अक्टूबर को बहतराई एथलेटिक्स स्टेडियम में संपन्न हुआ। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के दिशा-निर्देशों एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से कुल 210 बालक, बालिका, पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से जूनियर आयु वर्ग के खिलाड़ियों का चयन 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 23 से 27 अक्टूबर तक जे.एन. स्टेडियम, चेन्नई (तमिलनाडु) में आयोजित होगी।वहीं, अंडर-23 आयु वर्ग के खिलाड़ियों का चयन 6वीं इंडियन ओपन अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 16 से 18 अक्टूबर तक सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर (राजस्थान) में आयोजित होगी।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन, निर्धारित मानकों एवं प्रतियोगिता में प्राप्त परिणामों के आधार पर किया जाएगा।

चयन प्रतियोगिता में इलेक्ट्रॉनिक फोटो फिनिश एवं रिजल्ट सिस्टम का उपयोग
राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में इलेक्ट्रॉनिक फोटो फिनिश एवं टाइमिंग सिस्टम का उपयोग किया जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस चयन प्रतियोगिता में भी इलेक्ट्रॉनिक फोटो फिनिश एवं इलेक्ट्रॉनिक रिजल्ट सिस्टम का उपयोग किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का सटीक आकलन करना तथा उन्हें उनके परिणामों की सही एवं विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराना था। इस आधुनिक तकनीक के माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उपयोग होने वाली तकनीक का अनुभव भी प्राप्त हुआ।
चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में तकनीकी अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर पी. जे. सेबेस्टियन, सुशील कुमार मिश्रा, पी. जी. जय कृष्णन, के. श्रीनिवास राव, बेंजामिन, रविंद्र देशमुख, दामोदर, चारु लता गजपाल, स्नेह कुमार यादव , मंतोष कुमार साहू, मनोज, दीपक साहू, तरुण कुमार मंडल, अजित कुमारयादव, सुनील कुमार सिंह श्रीनिवास, ईश्वर राव सहित अन्य तकनीकी अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। यह जानकारी छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स के हेमंत परिहार ने दिया.

