4 से 8 फरवरी तक आयोजित राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन छत्तीसगढ़ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान में हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अभ्यागत धरम लाल कौशिक पूर्व विधान सभा अध्यक्ष एवं विधायक बिल्हा, सुशांत शुक्ला विधायक बेलतरा, श्रीमती पूजा विधानी महापौर, राजेश सूर्यवंशी अध्यक्ष जिला पंचायत, दिलीप लहरिया विधायक मस्तूरी, रजनीश सिंह अध्यक्ष राज्य सहकारी बैंक, संजय अग्रवाल जिला कलेक्टर, अंबिका साहू सदस्य जिला पंचायत ने स्पर्धा में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं पुरस्कार प्रदान किया.

इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में आए हुए खिलाड़ियों कोच एवं मैनेजर से एक फीडबैक प्राप्त किया जाए जिससे प्रतियोगिता में यदि कहीं कोई कमी रही हो तो उसे आने वाले भविष्य में सुधार किया जा सके। समापन अवसर पर बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए बेलतरा के विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि हमारा ऐसा मानना है कि बच्चे देश के भविष्य ही नहीं बल्कि वर्तमान भी हैं। समाज की इकाई परिवार है और परिवार की इकाई व्यक्ति होता है यदि व्यक्ति स्वस्थ है तो परिवार स्वस्थ होगा और यदि परिवार स्वस्थ है तो समाज स्वस्थ होगा इन खेलों के माध्यम से मैं कह सकता हूं कि ये हमारे स्वस्थ बच्चे आगे चलकर स्वस्थ समाज का निर्माण करेंगे और इन खेलों के माध्यम से परिवार समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।
विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रतियोगिता में जीतते हैं तो इससे हमें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।पढ़ाई करके हम अच्छे नागरिक बन सकते हैं अच्छे स्थान में जा सकते हैं लेकिन वर्तमान में खेलों के माध्यम से न केवल राष्ट्रीय अपितु अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपना स्थान बना सकते हैं और अपना नाम रौशन कर सकते हैं।
5 दिनों तक चलने वाले इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारी कर्मचारियों को भी अतिथियों के द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
