Hockey

KHELNEWZ RAIPUR DESK मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में आज छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का होगा भव्य शुभारम्भ

केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खड़से करेंगी उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और विजय शर्मा तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह होंगे अति विशिष्ट अतिथि

छत्तीसगढ़ में हॉकी के एक नए और रोमांचक अध्याय की शुरुआत 21 अक्टूबर से होने जा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में शाम पांच बजे राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित ‘छत्तीसगढ़ हॉकी लीग’ का शुभारंभ करेंगे। राज्य सरकार द्वारा आयोजित देश की पहली हॉकी लीग के माध्यम से छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ओलंपियनों और राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज खिलाड़ियों के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने तथा उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धात्मक हॉकी का अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ के उद्घोष के साथ आयोजित यह लीग छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान देने के साथ प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए मैदान पर उतरेंगी। इन टीमों में ओलंपिक खेल चुके प्रतिष्ठित खिलाड़ियों को मार्की खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है। राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ छत्तीसगढ़ के उभरते और अनुभवी खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

दिग्गज खिलाड़ियों के अनुभव से निखरेगी छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभा

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य केवल रोमांचक मुकाबलों का आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश में हॉकी के लिए मजबूत प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण तैयार करना और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना भी है। ओलंपियनों और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा करने से प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय हॉकी की तकनीक, रणनीति, फिटनेस और टीमवर्क को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

लीग के दौरान युवा खिलाड़ियों को दिग्गज खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करने, उनके अनुभवों से सीखने और बड़े मुकाबलों के दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। त्वरित निर्णय क्षमता, टीमवर्क, रणनीतिक खेल और प्रतिस्पर्धात्मक परिस्थितियों में स्वयं को साबित करने जैसे पहलुओं पर भी उनकी क्षमता विकसित होगी।नामी प्रशिक्षकों और अनुभवी खिलाड़ियों के मार्गदर्शन से प्रदेश की उभरती प्रतिभाओं को अपने खेल की खूबियों और कमियों को समझने तथा कौशल को और निखारने में मदद मिलेगी। यह लीग राज्य में नई प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें भविष्य की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने का प्रभावी मंच भी बनेगी।

खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल

राज्य सरकार द्वारा आयोजित देश की पहली हॉकी लीग छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने और खिलाड़ियों के लिए पेशेवर अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा और पेशेवर खेल वातावरण से प्रदेश में घरेलू हॉकी के ढांचे को मजबूती मिलेगी। साथ ही नई पीढ़ी में हॉकी के प्रति आकर्षण बढ़ाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

READ THIS IMPORTANT ARTICLE https://khelnewz.in/khelnewz-mungeli-desk-%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%b7%e0%a5%8d%e0%a4%9f%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%80%e0%a4%af-%e0%a4%b6%e0%a4%be%e0%a4%b2%e0%a5%87%e0%a4%af-%e0%a4%b6%e0%a4%a4%e0%a4%b0%e0%a4%82%e0%a4%9c/: KHELNEWZ RAIPUR DESK मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में आज छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का होगा भव्य शुभारम्भ

लीग के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अपने ही प्रदेश में ऐसा मंच मिलेगा, जहां वे देश के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ अपनी क्षमता का आकलन कर सकेंगे। इससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ने के साथ प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को व्यापक पहचान मिलने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

केंद्रीय खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खड़से करेंगी समारोह की अध्यक्षता

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खड़से करेंगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा तथा छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

उद्घाटन समारोह में राज्य शासन के सभी मंत्रीगण, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल और श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, रायपुर जिले के सभी विधायकगण, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

छह फ्रेंचाइजी टीमों में दिखेगा दिग्गजों और युवा प्रतिभाओं का संगम

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में ओलंपियनों, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों, छत्तीसगढ़ के अनुभवी खिलाड़ियों और प्रदेश की युवा प्रतिभाओं का समावेश किया गया है। यह स्वरूप अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के बीच खेल कौशल एवं अनुभव के आदान-प्रदान का अनूठा अवसर प्रदान करेगा।लीग में चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ इस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल), राजधानी रॉयल्स की श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड और बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड के पास है।

देश और प्रदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों की सहभागिता से राज्य में हॉकी को संगठित एवं पेशेवर स्वरूप देने की दिशा में नई संभावनाएं विकसित होंगी। इससे खेल और कॉर्पोरेट क्षेत्र के बीच सहभागिता को बढ़ावा मिलने के साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए नए अवसर तैयार होने की उम्मीद है।

22 अक्टूबर से शुरू होगा मुकाबलों का रोमांच

लीग के मुकाबले 22 अक्टूबर से शुरू होकर 1 नवम्बर तक चलेंगे। सभी मैच रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतिदिन दो मुकाबले आयोजित होंगे। पहला मुकाबला शाम साढ़े पांच बजे और दूसरा मुकाबला शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा।दोनों मुकाबलों के बीच दर्शकों के मनोरंजन के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। लीग के पहले दिन महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शनी मैच भी होगा। इसके माध्यम से महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा को भी मंच मिलेगा और प्रदेश में महिला हॉकी को प्रोत्साहन मिलेगा।

लीग के सभी मुकाबलों का विधिवत संचालन हॉकी इंडिया के अधिकारियों एवं ऑफिशियल्स द्वारा किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप नियमों, व्यवस्थाओं और पेशेवर वातावरण में खेलने का अनुभव प्राप्त होगा।खेलप्रेमियों के लिए निःशुल्क प्रवेश, देश-दुनिया देखेगी छत्तीसगढ़ की प्रतिभाछत्तीसगढ़ हॉकी लीग को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए खेलप्रेमियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इससे बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी और हॉकी प्रेमी स्टेडियम पहुंचकर देश के दिग्गज खिलाड़ियों तथा प्रदेश की प्रतिभाओं को खेलते हुए देख सकेंगे।

जो खेलप्रेमी स्टेडियम नहीं पहुंच पाएंगे, वे भी लीग के रोमांच से जुड़ सकेंगे। सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर किया जाएगा। इससे छत्तीसगढ़ हॉकी लीग और प्रदेश के खिलाड़ियों की प्रतिभा देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंचेगी।

छत्तीसगढ़ में हॉकी के नए युग की शुरुआत

राज्य में पहली बार इस स्वरूप में आयोजित हो रही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश की खेल यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी। अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के अनुभव और स्थानीय प्रतिभाओं के जोश का यह संगम प्रदेश में हॉकी के लिए नया वातावरण तैयार करेगा।लीग से एक ओर प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, सीखने और आगे बढ़ने का बड़ा मंच मिलेगा, वहीं दूसरी ओर नई पीढ़ी में हॉकी के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धात्मक खेलों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने और प्रदेश को खेलों के एक उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Please follow and like us:

khelnewz

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *