सीबीएसई ज़ोनल लेवल चेस प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 29 अगस्त तक भुवनेश्वर के केटी ग्लोबल स्कूल में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आदर्श इंटरनेशनल स्कूल नवा रायपुर की शतरंज टीम भुवनेश्वर के लिए रवाना हो गई है।
टीम का मार्गदर्शन स्कूल की स्पोर्ट्स कोच लिकेश्वरी माणिकपुरी के सामरिक एवं तकनीकी निर्देशन में होगा। प्रतियोगिता में दीपक यादव, प्रतीक ताम्रकार और अनुष्का चौकसे आदर्श इंटरनेशनल स्कूल का प्रतिनिधित्व करते हुए ज़ोन स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

टीम को रवाना करते हुए स्कूल के प्राचार्य डॉ. हरेंद्र पाल सिंह चौहान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, “शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि रणनीति, धैर्य और मानसिक सजगता की परीक्षा है। हमें अपने युवा खिलाड़ियों और कोच लिकेश्वरी माणिकपुरी पर पूरा विश्वास है। हमें उम्मीद है कि टीम शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करेगी।”
प्रतियोगिता में रवाना हुई टीम को स्कूल प्रबंधन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन एवं विजयी अभियान की कामना की।
