राज्य शतरंज चयन स्पर्धा महासमुन्द में 22 से, स्पर्धा के चयनित 8 खिलाड़ी हिस्सा बनेंगे राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए
प्रदेश शतरंज संघ के निर्देशन में जिला शतरंज संघ महासमुन्द द्वारा रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल के विशेष सहयोग से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्य शतरंज चयन स्पर्धा का आयोजन होगा. यह आगामी 22 से 24 अप्रैल तक रिवेरडेल स्कूल में किया जायेगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के सचिव हेमन्त खुटे ने जानकारी देते हुए बताया कि यह स्पर्धा दो कैटेगरी में आयोजित होंगी, जिसमें अंडर-8 व अंडर-14 आयु समूहों के बालक व बालिकाएं भाग लेंगे। इन दोनों वर्गों से 4-4 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए किया जाएगा। अंडर 8 के चयनित 2 बालक व 2 बालिका आगामी 9 से 14 मई तक विजयवाड़ा, आंध्रप्रदेश में आयोजित होने जा रही राष्ट्रीय स्पर्धा में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे. अंडर 14 के चयनित 2 बालक व 2 बालिका अहमदाबाद में 9 से 14 मई तक होने वाली चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे स्पर्धा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 100 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। इस स्पर्धा में छत्तीसगढ़ के कोई भी खिलाड़ी जिसकी उम्र निर्धारित आयु सीमा से अधिक न हो अर्थात अंडर 8 में वे खिलाड़ी जिसकी पैदाइश 1 जनवरी 2014 या इसके बाद की हो वे खेलने की पात्रता रखेंगे।इसी तरह से अंडर 14 हेतु ऐसे खिलाड़ी जिसका जन्म 1 जनवरी 2008 या उसके बाद का हो वे स्पर्धा में हिस्सा ले सकते हैं. स्पर्धा में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का ऑल इंडिया चेस फेडरेशन से वर्तमान सत्र 2022-23 के लिए पंजीयन आवश्यक है। पंजीयन के अभाव में खिलाड़ियों को स्पर्धा में खेलने से वंचित होना पड़ेगा। स्पर्धा में प्रवेश शुल्क 500 रुपये रखा गया है। प्रवेश की अंतिम तिथि 18 अप्रैल है। 250 रुपये विलंब शुल्क के साथ खिलाड़ी 20 अप्रैल शाम 5 बजे तक अपना प्रवेश शुल्क छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के खाते में जमाकर प्रवेश ले सकते हैं। इसके बाद एंट्री पूरी तरह से बंद कर दी जाएगी। स्पर्धा में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों व उनके अभिभावकों हेतु रुकने के लिए डारमेट्री व भोजन की निःशुल्क व्यवस्था मेजबानी कर रहे रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल के द्वारा की गई है। स्पर्धा में दोनों वर्गो से प्रथम तीन-तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को ट्राफी देकर सम्मानित किया जाएगा तथा स्पर्धा के टॉप 10 खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार दिए जायेंगे। उक्त स्पर्धा में सहभागिता कर रहे सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप मैडल व प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। प्रतियोगिता संबंधी अन्य किसी प्रकार की जानकारी व मार्गदर्शन हेतु खिलाड़ी राज्य सचिव हेमन्त खुटे व संस्था की प्राचार्य पूजा शर्मा से संपर्क कर ले सकते हैं। स्पर्धा के मुख्य निर्णायक रॉकी देवांगन तथा उप मुख निर्णायक महिमा लड्ढा होंगी।